सावरकर को लेकर था विवादित जवाब %

केरल के कासरगोड जिले में एक स्कूल शिक्षक को क्विज में पूछे गए एक सवाल को लेकर निलंबित कर दिया गया है। क्विज के सवाल में हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर को ‘अंग्रेजों से सबसे ज्यादा सजा पाने वाला’ स्वतंत्रता सेनानी बताया गया था। विवाद सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की।
यह मामला ‘सोशल साइंस क्लब फ्रीडम क्विज 2026’ से जुड़ा है। यह क्विज कासरगोड जिले के स्कूलों में आयोजित की गई थी। इसके लिए छात्रों को दिए गए प्रश्नपत्र में सावरकर से जुड़ा सवाल शामिल था।
शिक्षक को तत्काल सस्पेंड करने का आदेश
सामान्य शिक्षा निदेशक स्नेहिल कुमार सिंह ने कासरगोड के कुंबला सब-डिस्ट्रिक्ट स्थित एडेड अपर प्राइमरी स्कूल (AUPS) पल्लाथडका के शिक्षक गुरु प्रसाद को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया।
शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक, यह कार्रवाई कासरगोड के शिक्षा उप-निदेशक की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई। रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग ने शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
6 अगस्त को आयोजित हुई थी क्विज
अधिकारियों के अनुसार, कुंबला और मंजेश्वर सब-डिस्ट्रिक्ट के स्कूलों में 6 अगस्त को ‘सोशल साइंस क्लब फ्रीडम क्विज 2026’ आयोजित की गई थी। इसमें लोअर प्राइमरी, अपर प्राइमरी और हाई स्कूल के छात्रों ने हिस्सा लिया।
लोअर प्राइमरी वर्ग के लिए तैयार प्रश्नपत्र में कुल 15 सवाल थे। इसके अलावा पांच टाई-ब्रेकर सवाल भी शामिल किए गए थे।
सावरकर से जुड़ा था पांचवां सवाल
विवाद पांचवें सवाल को लेकर हुआ। प्रश्नपत्र में पूछा गया था कि ‘वह कौन सा स्वतंत्रता सेनानी है, जिसे अंग्रेजों से सबसे ज्यादा सजा मिली?’ इसके जवाब में विनायक दामोदर सावरकर का नाम दिया गया था।
इस सवाल और उसके जवाब को लेकर विवाद सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक को निलंबित करने का आदेश जारी किया गया।



