मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

छत्तीसगढ़ में पटवारियों की 40 दिन से जारी हड़ताल स्थगित: CM साय से मुलाकात के बाद फैसला, धान खरीदी में आएगी तेजी

पीवी एप की विसंगतियों के विरोध में 13 अक्टूबर से कर रहे थे आंदोलन; संघ ने रखीं 4 मांगें, कार्रवाई और वेतन संबंधी आदेश निरस्त करने की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पीवी एप की विसंगतियों को लेकर 40 दिन से हड़ताल कर रहे पटवारी अब काम पर लौटेंगे। राजस्व पटवारी संघ ने रविवार, 22 नवंबर को अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद यह फैसला लिया गया। इससे धान खरीदी और राजस्व संबंधी कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने दो दिन पहले ही पटवारियों से काम पर लौटने की अपील की थी।

फसल सत्यापन में आ रही थी परेशानी

पटवारी 13 अक्टूबर से पीवी एप के जरिए फसल के भौतिक सत्यापन में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों को दूर करने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि एप की विसंगतियों के कारण मैदानी स्तर पर काम करने में परेशानी हो रही है।

इसी बीच प्रदेश में धान खरीदी शुरू हो गई। पटवारियों की हड़ताल से फसल सत्यापन और राजस्व से जुड़े काम प्रभावित होने लगे थे। इसका असर किसानों पर भी पड़ रहा था।

संघ ने रखीं चार मांगें

हड़ताल स्थगित करने के साथ ही संघ ने सरकार के सामने चार प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें आंदोलन की अवधि में पटवारियों के खिलाफ की गई निलंबन, ब्रेक इन सर्विस, स्थानांतरण और कारण बताओ नोटिस जैसी कार्रवाई को शून्य करने की मांग शामिल है।

संघ ने हड़ताल की पूरी अवधि को कार्य दिवस मानकर नियमित वेतन देने, वेतन विसंगति और पदोन्नति पर तत्काल निर्णय लेकर आदेश जारी करने की मांग भी की है। इसके अलावा कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए ऑनलाइन मुख्यमंत्री जनदर्शन सेवा शुरू करने की मांग रखी गई है।

हड़ताल स्थगित होने से धान खरीदी व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है। अब सरकार के रुख और पीवी एप की विसंगतियों पर होने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Related Articles

Back to top button