मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति बैठक आज से, CM साय और दोनों डिप्टी CM होंगे शामिल

राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी का रायपुर में दो दिवसीय दौरा; युवा संवाद से लेकर नक्सल मुक्त बस्तर पर चर्चा तक कई कार्यक्रम

रायपुर। रायपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की प्रदेश कार्यसमिति बैठक 22 और 23 नवंबर को आयोजित की जा रही है।

इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों और युवा मोर्चा की कार्ययोजना पर चर्चा होगी।

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी भी दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंच रहे हैं।

बाइक रैली से होगा स्वागत

डॉ. जोशी 22 नवंबर की रात 9 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचेंगे। यहां प्रेस ब्रीफिंग के बाद युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद बाइक रैली निकाली जाएगी।

जैनम मानस भवन, पीटीएस चौक, टेमरी चौक, फुंडहर चौक, मॉल श्री विहार चौक और राम मंदिर में कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। वे रात में बेबीलोन इंटरनेशनल में ठहरेंगे।

खेल, युवतियों और युवाओं से संवाद

23 नवंबर को सुबह 7:30 बजे साइंस कॉलेज में खेल गतिविधियों में शामिल होकर खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। सुबह 8:30 बजे अग्रसेन भवन में युवती संवाद कार्यक्रम होगा। इसके बाद सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे।

दोपहर 2 बजे रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में युवा जोहार कार्यक्रम होगा। शाम 4 बजे विधि, तकनीक, चिकित्सा, सोशल मीडिया, खेल, कृषि और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं से चर्चा करेंगे। शाम 5 बजे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के साथ नक्सल मुक्त बस्तर के विषय पर संवाद करेंगे।

बैठक में ये नेता रहेंगे मौजूद

प्रदेश कार्यसमिति बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रमों के बाद डॉ. जोशी रात 8 बजे दिल्ली रवाना होंगे।

Related Articles

Back to top button