चुनावी तैयारी में भाजपा का युवा दांव, 25 दिन मैदान में रहेगा भाजयुमो

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा ने युवाओं को संगठन से जोड़ने की तैयारी तेज कर दी है। Gen Z यानी नई पीढ़ी के युवाओं के बीच पहुंच बनाने और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) को 25 दिन की कार्ययोजना सौंपी गई है।
इसके तहत कार्यकर्ता सेवा दूत बनकर गांव-गांव और घर-घर जाएंगे। लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ हर बूथ पर युवाओं की टीम तैयार करेंगे।
रविवार को रायपुर के भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार का मंत्र दिया।
बैठक में जोर दिया गया कि युवा मोर्चा की सक्रियता केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि युवाओं के बीच सीधे पहुंचकर संवाद करना होगा।
युवा मोर्चा भाजपा की ऊर्जा और भविष्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवा मोर्चा भाजपा की ऊर्जा और भविष्य है। छत्तीसगढ़ के युवा हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। सरकार रोजगार, शिक्षा, कौशल विकास, खेल और उद्यमिता के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है।
युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इन योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि नक्सल मुक्त बस्तर, विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत-2047 का संकल्प युवा शक्ति की भागीदारी से पूरा होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि चुनाव, आंदोलन और जनसेवा के कामों में युवा मोर्चा की भूमिका अहम है। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के साथ सोशल मीडिया और मैदानी गतिविधियों में सक्रिय रहने का आह्वान किया।
25 दिन सेवा दूत बनकर करेंगे प्रवास
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को 25 दिन तक सेवा दूत बनकर प्रवास करने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुशासन, समयबद्धता और लगातार जनसंपर्क को संगठन की सफलता का मूल मंत्र बताया।
वहीं, युवा मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री अर्पिता बड़जेना ने खेल, शिक्षा, पर्यावरण, नशामुक्ति और डिजिटल साक्षरता जैसे अभियानों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र नाग, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी हिमांशु यादव, प्रदेश प्रभारी वैभव बैस और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



