एशिया कप 2026: भारत-पाकिस्तान के बीच आज मुकाबला, जानें मैच शुरू होने का समय

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में आज क्रिकेट प्रेमियों को भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। इंडिया-ए और पाकिस्तान-ए की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों ही टीमों ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। ऐसे में आज का मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
भारतीय टीम की नजरें अभिषेक शर्मा और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी। अगर इन दोनों में से कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में कामयाब रहता है तो पाकिस्तान के गेंदबाजों के सामने मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। हालांकि, पिछले मुकाबले में दोनों ही बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे।
वैभव सूर्यवंशी के लिए यह मुकाबला खास भी है। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ वह जल्दी आउट हो गए थे, जिसके बाद सैम अयूब ने बेबी सेलिब्रेशन करके उन्हें चिढ़ाया था। ऐसे में वैभव के पास इस बार बल्ले से जवाब देने का अच्छा मौका होगा।
भारत-पाकिस्तान मैच से पहले जानिए अंक तालिका का हाल
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में कुल आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमों को चार-चार के दो ग्रुप में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रुप से अंक तालिका में शीर्ष दो स्थानों पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी, जबकि बाकी टीमों का सफर समाप्त हो जाएगा। ग्रुप-ए में बांग्लादेश-ए, श्रीलंका-ए, हांगकांग और अफगानिस्तान-ए को रखा गया है। वहीं ग्रुप-बी में इंडिया-ए, पाकिस्तान-ए, नेपाल और यूएई की टीमें शामिल हैं।
ग्रुप-ए से बांग्लादेश और श्रीलंका ने बनाई जगह
ग्रुप-ए में बांग्लादेश-ए और श्रीलंका-ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीत लिए हैं। इसी के साथ दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब दोनों के बीच ग्रुप का अगला मुकाबला खेला जाएगा।
दूसरी तरफ हांगकांग और अफगानिस्तान-ए की टीमें अपने शुरुआती प्रदर्शन के आधार पर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं।
ग्रुप-बी में भारत और पाकिस्तान के बीच टक्कर
ग्रुप-बी की अंक तालिका में फिलहाल भारत और पाकिस्तान की टीमें शीर्ष दो स्थानों पर हैं। दोनों ने अपना पहला मुकाबला जीता है और उनके खाते में दो-दो अंक हैं। बेहतर नेट रन रेट के चलते इंडिया-ए पहले स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान-ए दूसरे नंबर पर मौजूद है। नेपाल और यूएई की टीमें क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
आज भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले का नतीजा सेमीफाइनल की तस्वीर काफी हद तक साफ कर देगा। जीत दर्ज करने वाली टीम अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर लेगी। वहीं हारने वाली टीम के पास भी सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका रहेगा, जिसके लिए उसे अपने अगले मुकाबले के नतीजे पर निर्भर रहना होगा।
कितने बजे शुरू होगा भारत-पाकिस्तान का मैच?
एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का भारत-ए बनाम पाकिस्तान-ए मुकाबला दोहा में खेला जाएगा। भारतीय समय के अनुसार मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस दोपहर 3 बजे होगा।
कहां देख सकेंगे मैच की लाइव स्ट्रीमिंग?
भारत और पाकिस्तान के बीच इस मुकाबले का सीधा प्रसारण भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के टीवी चैनलों पर किया जाएगा। वहीं मोबाइल और इंटरनेट पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर देखी जा सकेगी।
अब सभी की निगाहें इस महामुकाबले पर टिकी हैं। भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि टीम शानदार प्रदर्शन करके सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करे।



