कल NSE-BSE में नहीं होगा कारोबार, MCX पर शाम को खुलेगा बाजार

नई दिल्ली। गुरु नानक जयंती और प्रकाश गुरपुरब के पावन अवसर पर राष्ट्रीय अवकाश होने की वजह से 24 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार में कोई कामकाज नहीं होगा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर इक्विटी, डेरिवेटिव्स, करेंसी और डेट सेगमेंट सहित सभी प्रकार की ट्रेडिंग पूरी तरह बंद रहेगी।
इस दिन ट्रेडिंग के साथ-साथ सेटलमेंट हॉलिडे भी रहेगा। टी+1 सेटलमेंट साइकिल के नियम के अनुसार, सोमवार 23 नवंबर को किए गए सौदों, इंट्रा-डे मुनाफे या एफएंडओ पोजीशन से जुड़ी रकम का क्रेडिट निवेशकों के खातों में अब सीधे बुधवार, 25 नवंबर को ही हो सकेगा।
हालांकि, कमोडिटी बाजार के निवेशकों को कुछ राहत मिलेगी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सुबह का सत्र (सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक) बंद रहेगा, लेकिन शाम पांच बजे के बाद का दूसरा सत्र सामान्य रूप से चालू रहेगा, जिसमें सोना, चांदी और कच्चे तेल जैसे कमोडिटी कॉन्ट्रैक्ट्स में कारोबार किया जा सकेगा।
बाजार 25 नवंबर को अपने नियमित समय (प्री ओपनिंग सेशन सुबह नौ बजे और मुख्य कारोबार 9:15 बजे से) पर पुनः खुलेगा। इस सप्ताह निवेशकों को कुल चार कारोबारी दिन (सोमवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार) ही मिलेंगे।
वर्ष 2026 में कल की छुट्टी के बाद शनिवार और रविवार के साप्ताहिक अवकाश को छोड़ कर अब साल की अंतिम छुट्टी क्रिसमस के मौके पर 25 दिसंबर को होगी।



