मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
business

माइक्रोसॉफ्ट की सेवा शुरू, जाने कुछ घंटो की सेवाएं रुकने से दुनिया पर क्या पड़ा असर

नई दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट के करोड़ों यूजर्स के लिए राहत की खबर है। पिछले दो दिनों से दुनिया भर में प्रभावित हो रहीं कंपनी की प्रमुख सेवाएं अब सामान्य हो गई हैं। माइक्रोसॉफ्ट ने आउटलुक, माइक्रोसॉफ्ट 365 और अन्य बिजनेस व पर्सनल सर्विसेज को पूरी तरह बहाल करने की जानकारी दी है। कंपनी के सर्विस हेल्थ पेज के मुताबिक, शनिवार सुबह तक प्रभावित सेवाएं दोबारा सुचारू रूप से काम करने लगी थीं।

इस तकनीकी गड़बड़ी के चलते दुनियाभर के यूजर्स को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति सामान्य होने के बाद कंपनी ने अपने ग्राहकों और बिजनेस पार्टनर्स से माफी मांगी है। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि आउटेज के कारण लोगों को हुई असुविधा का उसे अफसोस है और यूजर्स का भरोसा उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

साइबर हमले की आशंका पर कंपनी ने दी सफाई
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं अचानक ठप होने के बाद साइबर हमले की आशंका भी जताई जा रही थी। हालांकि, कंपनी ने इन अटकलों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि इस घटना का हैकिंग, किसी साइबर गतिविधि या एआई एजेंटों से कोई संबंध नहीं था। कंपनी के अनुसार, यह समस्या नेटवर्क क्षमता बढ़ाने और अपग्रेड करने के दौरान आई तकनीकी गड़बड़ी की वजह से हुई।

कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस घटना को लेकर खेद जताया। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि आउटेज के कारण ग्राहकों और कारोबारी सहयोगियों को जो परेशानी हुई, उसके लिए वह जिम्मेदारी महसूस करती है।

72 से अधिक देशों में प्रभावित हुईं सेवाएं
इस वैश्विक आउटेज का असर कई देशों में देखने को मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, 72 से ज्यादा देशों के यूजर्स को माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में परेशानी हुई। डाउनडिटेक्टर पर एक लाख 30 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। इस तकनीकी खराबी से कई महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित हुईं।

ईमेल सेवाएं: आउटलुक और एक्सचेंज ऑनलाइन में दिक्कत आने से यूजर्स अपने ईमेल नहीं खोल पा रहे थे।
विमानन क्षेत्र: भारत में इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा एयर जैसी एयरलाइंस के कस्टमर सपोर्ट ईमेल सिस्टम पर असर पड़ा।
वित्तीय क्षेत्र: कई वित्तीय संस्थानों को ग्राहकों से संपर्क करने और जरूरी रिसर्च रिपोर्ट तक पहुंचने में परेशानी हुई।
बिजनेस सेवाएं: माइक्रोसॉफ्ट 365 समेत कई व्यावसायिक सेवाओं के प्रभावित होने से कंपनियों का कामकाज बाधित हुआ।

नेटवर्क अपग्रेड के दौरान सामने आई तकनीकी खामी
माइक्रोसॉफ्ट के कोपायलट, एजेंट्स और प्लेटफॉर्म से जुड़े एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट चार्ल्स लामन्ना के मुताबिक, नेटवर्क क्षमता बढ़ाने के दौरान हुई एक पुरानी तकनीकी चूक हालिया बदलावों के बाद सामने आई। इसके कारण सिस्टम में बड़ी समस्या पैदा हो गई।

समस्या को ठीक करने के दौरान कंपनी को कैस्केडिंग फेलियर और थंडरिंग हर्ड जैसी तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इन वजहों से सेवाओं को पूरी तरह बहाल करने में अनुमान से ज्यादा समय लगा। कंपनी ने चरणबद्ध तरीके से सिस्टम की स्थिरता जांचते हुए सेवाओं को दोबारा शुरू किया।

ईमेल बैकलॉग और सिस्टम की निगरानी पर कंपनी का फोकस
मुख्य सेवाएं बहाल होने के बावजूद माइक्रोसॉफ्ट ने सिस्टम की निगरानी जारी रखी है। आउटेज के दौरान बड़ी संख्या में ईमेल लंबित हो गए थे। कंपनी अब इन सभी ईमेल को सुरक्षित तरीके से प्रोसेस करने पर ध्यान दे रही है।

इसके साथ ही माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी टीम पूरे नेटवर्क और सेवाओं की लगातार निगरानी कर रही है, ताकि दोबारा ऐसी समस्या सामने न आए। कंपनी की ओर से इस घटना का विस्तृत पोस्टमॉर्टम यानी तकनीकी विश्लेषण भी जारी किए जाने की बात कही गई है।

क्लाउड सेवाओं पर निर्भरता ने बढ़ाई चिंता
माइक्रोसॉफ्ट के इस वैश्विक आउटेज ने एक बार फिर दिखा दिया कि दुनिया भर में कारोबार, विमानन और वित्तीय सेवाएं कितनी हद तक डिजिटल प्लेटफॉर्म और क्लाउड सिस्टम पर निर्भर हो चुकी हैं। नेटवर्क में आई एक तकनीकी खराबी ने कई देशों में कामकाज को प्रभावित कर दिया।

अब कंपनी के सामने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की चुनौती है। इसके लिए नेटवर्क आर्किटेक्चर और क्षमता बढ़ाने की प्रक्रिया में सुधार करना महत्वपूर्ण होगा, ताकि यूजर्स और कारोबारी संस्थानों को दोबारा इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button