मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
business

पीयूष गोयल ने किया 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का उद्घाटन

नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को भारत मंडपम में 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ 2026) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पीयूष गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि आज देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

गोयल ने इस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह सुखद संयोग है कि महापर्व छठ पूजा के अवसर पर व्यापार मेले का शुभारंभ हो रहा है। यह मेला पूरे भारत की कहानी को देश-दुनिया के सामने रखने का माध्यम बनेगा।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने कहा कि भारत की विकास यात्रा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक इस बार आईआईटीएफ 2026 में देखने को मिलेगी।

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने आगे कहा, “हाल की प्रदर्शनियों की सफलता को देखते हुए, हम इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि हम जल्द ही ‘भारत मंडपम’ के अगले चरण और इसके विस्तार की शुरुआत करने जा रहे हैं। इससे भविष्य में प्रदर्शकों के लिए उपलब्ध जगह लगभग दोगुनी हो जाएगी…।”

नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 14 से 27 नवंबर तक चलेगा। इस बार मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है।

इसमें देश-विदेश के 3500 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पादों, सेवाओं और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। इस समारोह में पद्मश्री से सम्मानित गुरु माधवी मुद्गल और उनका समूह ओडिसी नृत्य प्रस्तुत किया।

आईटीपीओ ने बताया कि आईआईटीएफ 2026 का आयोजन ‘विकास और विरासत’ विषय के तहत किया जा रहा है। 14 से 18 नवंबर तक के दिन व्यापारिक आगंतुकों और कारोबार से कारोबार (बी2बी) संपर्क कार्यक्रमों के लिए होंगे।

वहीं, 19 से 27 नवंबर तक व्यापार मेला आम लोगों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रुचि रखने वाले आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।

मेले के आयोजक भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन ने कहा कि इस बार आम लोगों के लिए सामान्य दिनों (19 से 27 नवंबर) में वयस्कों का टिकट 80 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है।

वरिष्ठ नागरिकों और पांच साल तक के बच्चों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इसमें चीन, ईरान, तुर्किये और बांग्लादेश समेत 11 देशों के 3,500 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे।

इनमें थाइलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किये, चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश के प्रदर्शक भी शामिल होंगे। इससे अंतरराष्ट्रीय कारोबारी संपर्क और व्यापार संबंधों के अवसर मिलेंगे।

उल्लेखनीय है कि इस साल 45वें आईआईटीएफ-2026 में बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश भागीदार राज्य हैं, जबकि असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल को ‘फोकस स्टेट’ बनाया गया है।

 

Related Articles

Back to top button