जनजातीय गौरव दिवस विशेष: 1857 से पहले ही छत्तीसगढ़ में अंग्रेजों के खिलाफ छिड़ गई थी जंग,गैंदसिंह से वीर नारायण तक; जल-जंगल-जमीन के लिए जननायकों ने दी शहादत

परलकोट विद्रोह, भूमकाल और जंगल सत्याग्रह ने दिखाई आजादी की राह; नवा रायपुर में देश का पहला डिजिटल जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ आजादी की लड़ाई 1857 की क्रांति से करीब तीन दशक पहले ही शुरू हो गई थी।
यहां के आदिवासी जननायकों ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजों और उनकी दमनकारी नीतियों के खिलाफ संघर्ष किया। बस्तर का परलकोट विद्रोह, भूमकाल आंदोलन और जंगल सत्याग्रह इस संघर्ष के प्रमुख अध्याय हैं।
इन आंदोलनों में कई जननायकों ने बलिदान दिया, तो कुछ ने सामाजिक जागरूकता और संगठन के जरिए आदिवासी समाज को नई दिशा दी।
गैंदसिंह ने 1825 में दी शहादत
परलकोट विद्रोह के नायक शहीद गैंदसिंह ने 1824-25 में अंग्रेजों और मराठा सत्ता के हस्तक्षेप के खिलाफ आदिवासियों को संगठित किया।
पारंपरिक हथियारों से हुए इस संघर्ष को अंग्रेजों ने दबा दिया। गैंदसिंह को 20 जनवरी 1825 को परलकोट में फांसी दे दी गई।
भूमकाल में गुण्डाधूर ने संभाली कमान
वर्ष 1910 में बस्तर में भूमकाल विद्रोह हुआ। इसके प्रमुख नायक वीर गुण्डाधूर थे। उन्होंने बेगारी, वन अधिकारों के हनन और अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों के खिलाफ आदिवासियों को एकजुट किया।
उनके सहयोगी डेबरीधुर को 29 मार्च 1910 को जगदलपुर के गोल बाजार में इमली के पेड़ पर फांसी दी गई। गुण्डाधूर अंग्रेजों की गिरफ्त में नहीं आए।
वीर नारायण सिंह बने छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान का प्रतीक
सोनाखान के जमींदार वीर नारायण सिंह ने 1856 के अकाल में भूखे ग्रामीणों के लिए अनाज उपलब्ध कराया था। अंग्रेजों ने इसे अपराध मानकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
1857 की क्रांति के दौरान वे अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष में शामिल हुए। 10 दिसंबर 1857 को रायपुर के जयस्तंभ चौक पर उन्हें फांसी दे दी गई।
आंदोलन के साथ समाज सुधार की भी अलख
कांकेर के कंगला मांझी ने 1913 से आदिवासी समाज को संगठित करने का काम किया। वहीं रामेश्वर गहिरा गुरु ने शिक्षा, स्वच्छता और नशामुक्ति के लिए अभियान चलाया।
माता राजमोहिनी देवी ने महिलाओं की जागरूकता, नशाबंदी और सामाजिक सुधार के लिए काम किया। 1953 में उन्होंने भटगांव सत्याग्रह का नेतृत्व किया। उनके योगदान के लिए उन्हें 1989 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
नवा रायपुर में 14 दीर्घाओं में सहेजा इतिहास
इन जननायकों की विरासत को सहेजने के लिए नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय बनाया गया है।
देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय के रूप में विकसित इस परिसर में 14 दीर्घाएं और 650 मूर्तियां हैं। इनमें परलकोट विद्रोह, भूमकाल और जंगल सत्याग्रह सहित जनजातीय संघर्षों की गाथाएं प्रदर्शित की गई हैं। संग्रहालय में वीर नारायण सिंह की अश्वारूढ़ प्रतिमा भी स्थापित है।



