वनडे में हार के बाद ब्रुक ने किया इंग्लैंड का बचाव, वापसी का भरोसा

एडिलेड।ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में मिली करारी हार के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रुक ने अपने बल्लेबाजों का बचाव किया है।
उन्होंने टीम से पर्थ की हार को पीछे छोड़कर अगले मुकाबले पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। ब्रुक ने कहा कि हार से अक्सर जीत के मुकाबले ज्यादा सीख मिलती है और टीम को जल्द इससे उबरना होगा।
ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में इंग्लैंड को सात विकेट से हराया था। इंग्लैंड की टीम 33.4 ओवर में महज 131 रन पर सिमट गई थी।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान मिचेल मार्श के 30 गेंदों पर बनाए गए 50 रनों की बदौलत केवल 23.3 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने 159 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की।
ऑस्ट्रेलिया के पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर छह विकेट झटके थे।
उनकी घातक गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज हैरी ब्रुक और जो रूट भी टिक नहीं सके। एक समय इंग्लैंड का स्कोर आठ विकेट पर 65 रन हो गया था।
अफ्रीका में होने वाले अगले वनडे विश्व कप में अब केवल 11 महीने शेष हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर में 50 ओवर के मुकाबलों की संख्या सीमित होने के बावजूद इंग्लैंड इस सीरीज को काफी गंभीरता से ले रहा है।
ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की दूसरे दर्जे की गेंदबाजी आक्रमण के सामने पर्थ में मिली हार इंग्लैंड के लिए और भी निराशाजनक रही।
हार से सीख लेकर आगे बढ़ने की जरूरत : ब्रुक
रविवार को एडिलेड में होने वाले दूसरे वनडे से पहले शनिवार को ब्रुक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीम को हार पर ज्यादा देर तक नहीं सोचना चाहिए।
उन्होंने कहा, “इस हार को लेकर बहुत ज्यादा नहीं सोचना चाहिए। आप अपनी हार से हमेशा बहुत कुछ सीखते हैं, शायद जीत के मुकाबले भी ज्यादा। आपको वापस जाकर पूरी टीम के रूप में बातचीत करनी होती है।
खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से भी बात करनी चाहिए और इस मैच से जितनी सकारात्मक बातें सीखी जा सकती हैं, उन्हें लेकर आगे बढ़ना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि क्रिकेट, खासकर सीमित ओवरों का क्रिकेट, बहुत तेजी से आगे बढ़ता है। इसलिए खिलाड़ियों को परिस्थितियों के अनुसार जल्द आगे बढ़ने के लिए तैयार रहना चाहिए।
सीरीज में वापसी का भरोसा
ब्रुक ने कहा कि पहले मुकाबले में मनचाहा परिणाम नहीं मिला, लेकिन इंग्लैंड अभी भी सीरीज में बना हुआ है। उन्होंने टीम के पिछले अनुभवों का हवाला देते हुए कहा कि इंग्लैंड पहले भी सीरीज में 0-1 से पिछड़ने के बाद वापसी कर जीत हासिल कर चुका है।
ब्रुक ने कहा, “मैं जानता हूं कि हमें वह नतीजा नहीं मिला, जिसके लिए हम यहां आए थे, लेकिन हम अभी भी सीरीज में बने हुए हैं।
सभी जानते हैं कि हम पहले भी ऐसी स्थिति में रहे हैं, जब सीरीज में 0-1 से पिछड़ने के बाद हमने वापसी करते हुए सीरीज जीती है। फिलहाल हमारा मुख्य लक्ष्य भी यही है।”
तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार को एडिलेड में खेला जाएगा। इंग्लैंड की कोशिश इस मैच में जीत दर्ज कर सीरीज में बराबरी हासिल करने की होगी, जबकि ऑस्ट्रेलिया की नजरें सीरीज अपने नाम करने पर रहेंगी।



