दिल्ली में प्रदर्शन आज: जंतर-मंतर के रास्ते सील, 30 रूट पर डायवर्जन

नई दिल्ली। SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन जारी है। आज कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने एक बार फिर जंतर-मंतर कूच का ऐलान किया है। प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी (AAP), AISA और SFI भी शामिल होंगी। प्रदर्शन के मद्देनजर जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने सेंट्रल और लुटियंस जोन के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। राजधानी में आज भी 30 रूट पर डायवर्जन रहेगा।
जंतर-मंतर पर 7 लेयर की बैरिकेडिंग
CJP के प्रदर्शन के ऐलान के बाद जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जंतर-मंतर पर सात स्तर की बैरिकेडिंग की गई है। वहां जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया गया है।
पूरे इलाके की निगरानी CCTV कैमरों से की जा रही है। पुलिस रिकॉर्डेड माइक के जरिए लगातार लोगों को अलर्ट कर रही है। इलाके में धारा 163 लागू है। दिल्ली के सभी बॉर्डर पर भी सुरक्षा कड़ी की गई है। बाहर से आने वाली गाड़ियों की जांच की जा रही है।
दिल्ली में 30 रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन
दिल्ली पुलिस ने सेंट्रल और लुटियंस जोन के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके मुताबिक, आज भी 30 रूट पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा।
जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस के आसपास यातायात प्रभावित होने की आशंका है। इसके अलावा मंडी हाउस, धौला कुआं और ITO में भी ट्रैफिक पर असर पड़ सकता है।
केजरीवाल की शहर-शहर जंतर-मंतर बनाने की अपील
SIR और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर जारी विरोध के बीच अरविंद केजरीवाल ने देश के लोगों से शहर-शहर जंतर-मंतर बनाने की अपील की है। CJP के साथ AAP, AISA और SFI भी आज के प्रदर्शन में शामिल होंगी।


