सुंदरानी बोले- कांग्रेस में दम है तो तीनों राज्यसभा सांसदों को चुनाव लड़ाए

रायपुर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी ने चुनौती दी है कि अगर कांग्रेस और उसके मुख्यमंत्री भूपेश बघेल में दम है तो अपने तीनों राज्यसभा सदस्य को चुनाव में उतार दे। जनता उनके छत्तीसगढ़ियावाद के राजनीतिक पाखंड की हवा निकाल देगी और कांग्रेस को उसकी हैसियत बता देगी।
एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री सुंदरानी ने कहा, छत्तीसगढ़ियावाद का राग अलापने वाले मुख्यमंत्री बघेल को छत्तीसगढ़ में कोई ऐसा योग्य व्यक्ति नहीं मिला जिसको वह राज्यसभा भेज सकें। इसलिए 3 बाहरी लोगों को छत्तीसगढ़ से राज्यसभा भेजा गया, जो चुनाव जीतने के बाद अपना प्रमाण पत्र लेने के लिए भी छत्तीसगढ़ नहीं आए। सभी जानते हैं कि तीनों सांसद 10 जनपद में भू-पे के आधार पर राज्यसभा पहुंचे हैं। रंजीता रंजन को छोड़ शेष दोनों राज्यसभा सांसदों का चेहरा छत्तीसगढ़ की जनता ने नहीं देखा है।
श्री सुंदरानी ने कहा, भाजपा ने जब टिकट वितरण किया तब कांग्रेस ने भाजपा के आंगन में ताकझांक करने के अपने मनोरोग और बड़बोलेपन का खूब परिचय दिया। लेकिन जबसे कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली और दूसरी सूची आई है, कांग्रेस का अंतर्विरोध और गुटीय द्वंद्व खुलकर दिखाई दे रहा है। कांग्रेस टिकट के दावेदार कन्हैया अग्रवाल राजीव भवन जाकर अपने पदों से इस्तीफा देने की बात कर रहे हैं, महापौर एजाज ढेबर बड़ी संख्या में अपने समर्थकों को बुलाकर दबाव बना रहे हैं और समर्थक मिट्टीतेल छिड़ककर आत्मदाह पर उतारू हो रहे हैं।



