8 महीने में तीसरा हादसा, बारामती एयरपोर्ट पर ट्रेनिंग विमान क्रैश

पुणे। महाराष्ट्र के बारामती एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर एक निजी कंपनी का प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा करीब 12:35 बजे एयरपोर्ट परिसर में रनवे से कुछ दूरी पर हुआ। विमान में अकेला ट्रेनी पायलट सवार था, जो सुरक्षित बच गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। विमान को मामूली नुकसान पहुंचा।
8 महीने में तीसरी विमान दुर्घटना
बारामती एयरपोर्ट पर करीब 8 महीने के भीतर यह तीसरी विमान दुर्घटना बताई जा रही है। इससे पहले इसी साल जनवरी में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार समेत पांच लोगों की बारामती एयरपोर्ट के पास विमान हादसे में मौत हुई थी।
इसके बाद 13 मई को भी एक निजी कंपनी का प्रशिक्षण विमान बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस हादसे में भी किसी को गंभीर चोट नहीं आई थी।
रनवे से थोड़ी दूरी पर हुआ हादसा
रविवार को हुआ हादसा एयरपोर्ट परिसर के भीतर रनवे से थोड़ी दूरी पर हुआ। विमान में सिर्फ ट्रेनी पायलट मौजूद था। हादसे के बाद उसके सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।



