JPSC-JSSC पर आज आर-पार? तीसरी वार्ता के बाद - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

JPSC-JSSC पर आज आर-पार? तीसरी वार्ता के बाद

रांची। JPSC-JSSC में गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों के आंदोलन के बीच रविवार को सरकार और छात्रों के बीच तीसरे दौर की बातचीत शुरू हो गई है। छात्रों का प्रतिनिधिमंडल रांची के स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचा है, जहां चार मंत्रियों के दल के साथ उनकी वार्ता चल रही है। बातचीत को लेकर स्टेट गेस्ट हाउस के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

16वें दिन पहुंचा छात्रों का आंदोलन

JPSC-JSSC न्याय मंच के नेतृत्व में छात्रों का आंदोलन आज 16वें दिन भी जारी है। कई छात्र भूख हड़ताल पर हैं। छात्रों की मुख्य मांग JPSC-JSSC की परीक्षा रद्द करने और जिन परीक्षाओं में गड़बड़ी हुई है, उनकी CBI जांच कराने की है।

इन छात्रों का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा

सरकार के साथ बातचीत के लिए JPSC-JSSC न्याय मंच की ओर से प्रतिनिधिमंडल में चंदन कुमार, छात्र नेता सह शोधार्थी, दीनबंधु मंडल, इकबाल हुसैन, रवि शंकर, प्रेम कुमार और रामा अवतार महतो शामिल हैं।

दो दौर की बातचीत का नहीं निकला नतीजा

छात्रों और सरकार के बीच इससे पहले दो दौर की बातचीत हो चुकी है। इसके अलावा अलग-अलग छात्र संगठनों ने भी सरकार के सामने अपनी मांगें रखी हैं। इन बैठकों और बातचीत के बावजूद अब तक कोई नतीजा नहीं निकल सका है। इसी वजह से आज तीसरे दौर की वार्ता हो रही है।

बात नहीं बनी तो 10 अगस्त को विधानसभा घेराव

छात्रों ने साफ किया है कि अगर तीसरे दौर की बातचीत में उनकी मांगों पर सहमति नहीं बनती है, तो 10 अगस्त को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। छात्रों के इस प्रदर्शन को अन्य छात्रों और विपक्षी पार्टियों का समर्थन भी हासिल है।

Related Articles

Back to top button