रायपुर मास्टर प्लान में होगा बदलाव: 11 सड़कें फिर जुड़ेंगी, 23 की चौड़ाई और 10 का अलाइनमेंट बदलेगा

रायपुर। रायपुर के मास्टर प्लान 2031 में सड़क मार्गों से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने की तैयारी है। राज्य सरकार ने रायपुर विकास योजना (पुनर्विलोकित) 2031 में संशोधन की प्रक्रिया शुरू की है।
इसके तहत 11 सड़कों को फिर से मास्टर प्लान में शामिल करने, 23 सड़कों की चौड़ाई वर्ष 2021 के प्लान के अनुसार करने और 10 सड़कों का अलाइनमेंट पुराना रखने की अनुशंसा की गई है। प्रस्ताव पर आम नागरिकों, भू-स्वामियों और संबंधित हितधारकों से 15 दिन के भीतर दावा-आपत्ति और सुझाव मांगे गए हैं।
170 से ज्यादा शिकायतों की जांच के बाद फैसला
रायपुर मास्टर प्लान का मूल प्रकाशन 7 अप्रैल 2008 को हुआ था। इसके पुनर्विलोकन के बाद 24 जुलाई 2023 को नया प्लान प्रकाशित किया गया। इसमें सड़क मार्गों से जुड़ी अनियमितताओं की शिकायतें मिलने पर शासन ने 15 मार्च 2024 को जांच समिति बनाई थी। समिति को 170 से ज्यादा आवेदन और सुझाव मिले। इनके परीक्षण के बाद रिपोर्ट शासन को सौंपी गई।
इन सड़कों पर होगा बदलाव
जांच में सामने आया कि 2023 के प्लान में 11 मार्गों को हटा दिया गया था या उनका स्वरूप बदल दिया गया था। समिति ने इन्हें दोबारा शामिल करने की अनुशंसा की है। इसी तरह 23 मार्गों की चौड़ाई कम किए जाने पर उसे वर्ष 2021 के प्लान के मुताबिक बहाल करने की सिफारिश की गई है। वहीं, 10 मार्गों का अलाइनमेंट भी पुराने प्लान के अनुसार करने की बात कही गई है। इसमें MR-33 और MR-40 शामिल हैं।
15 दिन में दे सकेंगे आपत्ति और सुझाव
प्रस्ताव की प्रतियां आयुक्त रायपुर संभाग, कलेक्टर रायपुर, संयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश और नगर निगम आयुक्त कार्यालय में देखी जा सकेंगी। इच्छुक नागरिक निर्धारित 15 दिन की अवधि में लिखित आपत्ति और सुझाव जमा कर सकते हैं।
सरकार का कहना है कि इस प्रक्रिया से भविष्य की यातायात जरूरतों के अनुरूप सड़क नेटवर्क विकसित करने और रायपुर के सुनियोजित शहरी विकास में मदद मिलेगी। मार्गों के अलावा हरित क्षेत्र, जलाशय और भूमि उपयोग से जुड़ी शिकायतों पर अलग से कार्रवाई की जा रही है।



