नोएडा से महोबा जा रही बस में लगी आग, 9 यात्रियों की मौत - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

नोएडा से महोबा जा रही बस में लगी आग, 9 यात्रियों की मौत

ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक चलती स्लीपर एसी बस में भीषण आग लग गई। हादसे में 9 यात्रियों की जलकर मौत हो गई। करीब 35 यात्रियों से भरी यह बस नोएडा से महोबा जा रही थी। हादसा जेवर कोतवाली क्षेत्र के दयानतपुर गांव के पास करीब आधी रात हुआ। आग लगते ही बस में धुआं भर गया और चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने खिड़की से कूदकर जान बचाई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

बस में फंसे यात्रियों को गैस कटर से निकाला

आग लगने के बाद बस में धुआं तेजी से भर गया। कुछ यात्री बेहोश भी हो गए। करीब 26 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक, उनकी हालत ठीक बताई गई है।

बस के अंदर फंसे यात्रियों और शवों को निकालने के लिए बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बस के शीशे तोड़े गए। इसके बाद गैस कटर की मदद से बस के हिस्सों को काटकर लोगों को बाहर निकाला गया।

मृतकों में एक महिला भी शामिल है। कुछ शवों की पहचान हो गई है, जबकि अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है।

यात्री ने बताया कैसे बची जान

हादसे में बची एक महिला यात्री ने बताया कि वह बस में सो रही थी। तभी किसी ने दरवाजा खटखटाया। जागने पर उसने देखा कि बस में पहले से काफी भीड़ थी और चारों तरफ धुआं था।

महिला के मुताबिक, उसने अपना कोई सामान नहीं उठाया। यहां तक कि जूते भी नहीं पहने। वह सिर्फ अपना फोन लेकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगी। बस में इतनी भीड़ थी कि लोग एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे।

महिला ने बताया कि किसी ने उसे खींचकर बाहर निकाला। इसके बाद उसे कुछ याद नहीं रहा। उसके मुताबिक, धुएं के कारण बस के अंदर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था और बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया था।

राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही बस

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बस राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही है। बस यात्रियों को लेकर नोएडा से महोबा जा रही थी।

घटना के समय कुछ यात्री सो रहे थे। आग लगने के बाद अचानक अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। आग कैसे लगी और घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

CM योगी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से बात कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

आधिकारिक बयान के अनुसार, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।

Related Articles

Back to top button