बिहार में बेखौफ मनचले - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

बिहार में बेखौफ मनचले

बिहार के समस्तीपुर जिले में जमुई जैसी ही हैवानियत की वारदात सामने आई है। कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर बुधवार को सड़क किनारे फोटो खिंचवा रही एक लड़की को तीन युवकों ने घेरकर अभद्रता की। बेखौफ युवकों ने लड़की को बीच सड़क पर घसीटा, गाली-गलौज की और उसके साथ गलत व्यवहार किया। बुधवार देर शाम इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले का संज्ञान लेते हुए समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने तत्काल जांच के आदेश दिए, जिसके बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर दो युवकों की पहचान कर ली है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

सड़क किनारे फोटो लेने के दौरान घेरा, जबरन पूछा नाम-पता

घटना के संबंध में बताया गया है कि पीड़िता एक लड़के के साथ बांध बाईपास रोड से गुजर रही थी। दोनों सड़क किनारे रुककर फोटो ले रहे थे, तभी तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इन युवकों ने लड़की के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया। वायरल वीडियो में आरोपी युवक लड़की को बीच सड़क पर खींचते, उसका नाम-पता पूछते और बैड टच करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गया।

वायरल वीडियो का एसपी ने लिया संज्ञान, 2 की हुई पहचान

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वायरल वीडियो की सत्यता की जांच और घटना में शामिल लोगों की पहचान के कड़े निर्देश दिए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो फुटेज के आधार पर दो युवकों की पहचान कर ली है। एसपी ने कहा कि पुलिस वीडियो के आधार पर बाकी आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

बेखौफ आरोपियों का वीडियो आया सामने, डरी-सहमी दिखी पीड़िता

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के वायरल वीडियो में आरोपी युवक बदसलूकी करते वक्त हंसते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि पीड़िता बेहद डरी-सहमी दिख रही है और उनसे पीछा छुड़ाने की कोशिश कर रही है। राज्य में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले जमुई में भी इसी तरह का वीडियो सामने आया था, जिसमें मुख्य आरोपी नंदन यादव समेत अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इसके अलावा मुजफ्फरपुर में भी बीच सड़क दो लड़कियों को ब्लेड मारकर घायल करने और छेड़खानी का विरोध करने पर छात्रा को चाकू मारने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

Related Articles

Back to top button