CM साय से मिले जापानी छात्र, शिक्षा-तकनीक और संस्कृति पर हुई चर्चा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

CM साय से मिले जापानी छात्र, शिक्षा-तकनीक और संस्कृति पर हुई चर्चा

रायपुर। रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जापान की एहिमे यूनिवर्सिटी के 17 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। भारत-जापान इंटर एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर छत्तीसगढ़ पहुंचे विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद किया। इस दौरान दोनों देशों के ऐतिहासिक-सांस्कृतिक संबंधों, बौद्ध विरासत, शिक्षा, अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और स्टार्टअप सहित कई विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने जापानी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत-जापान की मित्रता की जड़ें दोनों देशों की प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत में हैं। भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और मैत्री के संदेश ने जापान की संस्कृति को भी प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के बीच ऐसे शैक्षणिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे।

साय ने विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की पुरातात्विक विरासत की जानकारी देते हुए सिरपुर, मैनपाट और भोंगापाल जैसे स्थलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महानदी के तट पर स्थित सिरपुर प्राचीन सभ्यता, कला, स्थापत्य और बौद्ध विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। राज्य सरकार सिरपुर को विश्वस्तरीय पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थल के रूप में विकसित करने के प्रयास कर रही है।

जापान की कार्यसंस्कृति की सराहना

मुख्यमंत्री ने अपनी जापान यात्रा के अनुभव साझा करते हुए वहां की अनुशासित कार्यसंस्कृति, तकनीकी प्रगति और परंपराओं के प्रति सम्मान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग से संयुक्त शोध, तकनीकी नवाचार और स्टार्टअप के नए अवसर बन सकते हैं।

जापानी विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और आत्मीय व्यवहार की प्रशंसा की। उन्होंने गणेश उत्सव, भारतीय खान-पान और यहां की जीवनशैली को करीब से जानने का अनुभव साझा किया। विद्यार्थियों ने मेहंदी लगवाने और भारतीय परिधानों की खरीदारी का भी उल्लेख किया।

प्रतिनिधिमंडल ने एनआईटी रायपुर के रिसर्च और इन्क्यूबेशन सेंटरों का भ्रमण कर स्टार्टअप और नई तकनीकों की जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, एनआईटी रायपुर के प्रोफेसर दिलीप सिंह सिसोदिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button