अवैध कनेक्शन से किया गणेश पंडाल रोशन तो होगी बिजली कट

रायपुर(realtimes) गणेशोत्सव की तैयारी प्रारंभ हो गई है। राजधानी रायपुर में थोक में बड़े और छोटे गणेश पंडाल लगते हैं। कई पंडालों में सीधे बिजली के खंबों से सीधे हुकिंग करके पंडाल रोशन कर दिए जाते हैं। ऐसा करने वालों पर पॉवर कंपनी कार्रवाई करेगी। गणेश पंडालों से अस्थाई कनेक्शन लेने की अपील के साथ अवैध कनेक्शन पर कार्रवाई की भी चेतावनी पॉवर कंपनी ने दी है।
राजधानी रायपुर में गणेशोत्सव पर पंडालों को बिजली के कनेक्शन देने काम पॉवर कंपनी के नगर के सर्किल एक और दो में प्रारंभ कर दिया गया है। अब तक कनेक्शनों को लेकर आवेदन नहीं आए हैं, लेकिन जैसे की समय करीब आएगा तो आवेदन आने लगेंगे। अब तो ज्यादातर पंडालों में अस्थाई कनेक्शन लिए जाने लगे हैं। इसके बाद भी कई बड़े और छोटे पंडालों में बिजली के खंबों से हुकिंग करके बिजली ले ली जाती है। पंडाल के आस-पास सड़क पर लगने वाली झालरों को भी सीधे खंबों से बिजली लेकर रोशन किया जाता है। इसकी जानकारी होने पर पॉवर कंपनी कार्रवाई करती है। कई बार इसको लेकर विवाद भी हाे जाता है।
दुर्घटना से बचने की नसीहत
गणेश पंडालों को दुर्घटना से बचने की नसीहत देते हुए वृत एक के अधीक्षण अभियंता मनोज वर्मा ने पंडालों को ट्रांसफार्मरों से दूर बनाने की सलाह दी है। इसी के साथ तारों को भी अच्छी क्वालिटी का लगाने के लिए कहा गया है ताकि कोई दुर्घटना न हो। किसी भी तरह के हादसों के लिए शहर के डीसी सेंटरों के नंबर भी जारी किए गए हैं और वहां पर संपर्क करने के लिए कहा गया है।



