मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

कांकेर में 8 लाख के इनामी माओवादी समेत 5 गिरफ्तार: ग्रामीणों की बैठक कर संगठन को फिर सक्रिय करने की थी तैयारी, एक साथी फरार

कांकेर। छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर में कमजोर पड़ चुके माओवादी संगठन को दोबारा सक्रिय करने की कोशिशों के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले के मेंड्रा इलाके के जंगल में कार्रवाई कर सुरक्षा बलों ने पांच माओवादियों को गिरफ्तार किया है।

इनमें आठ लाख रुपए का इनामी माओवादी DVCM चंदर कतलाम भी शामिल है। वहीं, उनका छठवां साथी मंगेश जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

ग्रामीणों से संपर्क बढ़ाने की थी योजना

जानकारी के मुताबिक, माओवादी उत्तर बस्तर में कमजोर पड़ चुके अपने नेटवर्क को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहे थे।

इसके लिए ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित कर उनसे संपर्क बढ़ाने और संगठन की गतिविधियों को दोबारा शुरू करने की तैयारी थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से मेंड्रा इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली।

सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने जंगल में घेराबंदी कर पांच लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार सभी लोगों को पूछताछ के लिए गोंडाहूर थाना लाया गया है।

एरिया कमांडर भी गिरफ्तार

गिरफ्तार लोगों में चंदर कतलाम के अलावा मंगलू भी शामिल है। मंगलू को पड्डा काकानार क्षेत्र का एरिया कमांडर बताया जा रहा है। चंदर माओवादी संगठन में डिविजनल कमेटी मेंबर (DVCM) के पद पर सक्रिय था। उस पर आठ लाख रुपए का इनाम घोषित है।

पुलिस को पूछताछ में माओवादी नेटवर्क, उनके संपर्क सूत्रों और क्षेत्र में सक्रिय अन्य सदस्यों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।

गिरफ्तार पांच माओवादियों के नाम

सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार माओवादियों में चंदर कतलाम, मंगलू, मनीषा परचापी, रमशीला और सनकी शामिल हैं।

ये सभी 28 नवंबर की दोपहर से पुलिस हिरासत में हैं। हालांकि, गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका और संगठन में उनके पदों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। फरार मंगेश की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button