छत्तीसगढ़ में 25 जनवरी से घर-घर होगी जनसंख्या गणना, 72 हजार से अधिक कर्मचारी संभालेंगे जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण में 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों में 62,102 प्रगणक और 10,667 पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। इससे पहले 10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प मिलेगा। हालांकि, स्व-गणना करना अनिवार्य नहीं है।
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंत्रालय में हुई कार्यशाला में जनगणना की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने कलेक्टरों और संभागायुक्तों को निर्धारित समय-सीमा में गणना पूरी कराने तथा प्रगणकों के प्रशिक्षण और मैदानी स्तर पर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
झुग्गी बस्तियों और बहुमंजिला इमारतों को भी गणना
जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल के अनुसार, प्रदेश में लगभग 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इनमें प्रत्येक ब्लॉक में औसतन 800 की आबादी शामिल होगी। अधिक आबादी वाले क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार उप-गणना ब्लॉक बनाए जाएंगे। नए बसाहटों, झुग्गी बस्तियों और बहुमंजिला इमारतों को भी गणना में शामिल किया जाएगा।
डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना
जनसंख्या गणना का काम डिजिटल माध्यम से होगा। इसके लिए 16 भाषाओं में मोबाइल एप तैयार किया गया है। इंटरनेट उपलब्ध नहीं होने पर भी एप के जरिए जानकारी दर्ज की जा सकेगी। स्व-गणना के दौरान जानकारी भरने पर एक आईडी मिलेगी, जिसे घर पहुंचने वाले प्रगणक को देना होगा। घर-घर गणना के बाद एक से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण का काम किया जाएगा। जनगणना के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रगणकों का प्रशिक्षण 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चलेगा। मुख्य सचिव ने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा है।



