छत्तीसगढ़ की 39.73 लाख महिलाओं को उज्ज्वला से मिला धुएं से छुटकारा: बिलासपुर में सबसे ज्यादा 2.94 लाख गैस कनेक्शन, लकड़ी-कोयले के चूल्हों से मिली राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में रसोई की तस्वीर बदल रही है। वर्षों तक लकड़ी, कोयले और गोबर के कंडों से बने चूल्हों पर खाना पकाने वाली महिलाओं को अब एलपीजी गैस की सुविधा मिल रही है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश में 39 लाख 73 हजार से अधिक महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। इससे रसोई में धुएं से राहत मिलने के साथ खाना पकाने में लगने वाला समय भी बच रहा है।
पारंपरिक चूल्हों से निकलने वाला धुआं महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का कारण बनता था। लंबे समय तक धुएं के संपर्क में रहने से आंखों में जलन और सांस संबंधी समस्याएं होती थीं।
उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी कनेक्शन मिलने से बस्तर से सरगुजा तक कई परिवारों को स्वच्छ ईंधन का विकल्प मिला है। पहले महिलाओं को जलाऊ लकड़ी जुटाने में भी काफी समय लगाना पड़ता था। अब खाना जल्दी बनने से यह समय घरेलू काम, बच्चों की पढ़ाई और रोजगार गतिविधियों में लगाया जा सकता है।
बिलासपुर में सबसे ज्यादा कनेक्शन
योजना के तहत बिलासपुर जिले में 2 लाख 94 हजार 134 महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। जांजगीर-चांपा में 2 लाख 74 हजार 650, रायगढ़ में 2 लाख 30 हजार 101, बलौदाबाजार-भाटापारा में 2 लाख 27 हजार 132 और महासमुंद में 1 लाख 93 हजार 464 महिलाओं को इसका लाभ मिला है। कोरबा में 1 लाख 55 हजार 683, जशपुर में 1 लाख 42 हजार 185, बस्तर में 1 लाख 33 हजार 555 और बेमेतरा में 1 लाख 33 हजार 377 कनेक्शन दिए गए हैं।
महिलाओं ने बताई अपनी परेशानी
जशपुर के बगीचा की क्रांति यादव और ग्राम मड़िया की फूलमती नगेसिया ने बताया कि लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान धुएं से आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होती थी।
गैस कनेक्शन मिलने से अब खाना बनाना आसान होगा। वहीं राजनांदगांव के मेड़ेसरा की राजेश्वरी साहू और रवेली की परमेश्वरी वर्मा ने कहा कि इससे परिवार के सदस्यों और खासकर बच्चों को रसोई के धुएं से राहत मिलेगी।
योजना के तहत पात्र महिलाओं को गैस कनेक्शन, चूल्हा और पहला रिफिल निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। महिलाओं के नाम पर कनेक्शन जारी होने से उन्हें रसोई से जुड़े फैसलों में भी अधिक भागीदारी मिलती है। एलपीजी के इस्तेमाल से जलाऊ लकड़ी पर निर्भरता घटने और जंगलों पर दबाव कम होने की उम्मीद है।



