मुजफ्फरपुर में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव,

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज बाजार में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया। केशव चौक पर अचानक छतों से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। इस दौरान बुलडोजर का शीशा टूट गया, जबकि उसका चालक बाल-बाल बचा। पथराव के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और प्रशासनिक टीम को वहां से लौटना पड़ा।
दरअसल, प्रशासन ने साहेबगंज बाजार में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया था। दुकानदारों को गुरुवार तक खुद अवैध कब्जे हटाने का समय दिया गया था। इसके बाद शुक्रवार को टीम नवल किशोर चौक से बुलडोजर लेकर कार्रवाई करने पहुंची। टीम के केशव चौक पहुंचते ही कुछ लोगों ने छतों से पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
पुलिस पहुंची तो दोबारा शुरू हुआ अभियान
पथराव की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में प्रशासन ने दोबारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान ब्रजनंदन चौक, गांधी चौक, इंद्रदेव चौक और ब्लॉक गेट तक अवैध कब्जे हटाए गए।
इस दौरान कई दुकानों के टीन शेड, होटल के अवैध निर्माण और फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटाया गया। केशव चौक और बाया नदी पुल के पास फल बेचने वालों की गुमटियां भी हटाई गईं।
CCTV फुटेज से पथराव करने वालों की पहचान
पथराव के बाद सोशल मीडिया पर एक युवक की तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें कथित तौर पर युवक को ईंट फेंकते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, इस तस्वीर की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर पथराव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद फिरोज ने साहेबगंज थाने में FIR दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। पुलिस के मुताबिक, आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

