50 मीटर की बाती और 5 किलो कपूर, ऐसे जलाई गई तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर ज्योति

मदुरै। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार शाम 5 बजे कार्तिगई दीपम जलाया गया। पहाड़ी पर बने पत्थर के स्तंभ यानी दीपथून पर दीप जलाने की रस्म पूरी हुई। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद चार दिन पहले यहां दीप नहीं जलाया गया था। इसके बाद मामला और बढ़ गया था। शनिवार को दीप जलाने के लिए सिर्फ 50 श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर जाने की अनुमति दी गई।
सुबह से ही पहाड़ी के नीचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटने लगे थे। कई लोग अपने साथ दीप लेकर भी पहुंचे थे। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट की ओर से मंदिर का कामकाज संभालने के लिए नियुक्त मद्रास हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज एस. वैद्यनाथन और वी. पार्थिबन भी चेन्नई से मदुरै पहुंचे।
जज अपने साथ लेकर पहुंचे दीप जलाने की सामग्री
दोनों जज पारंपरिक संगीत के साथ मिट्टी के दीप, बाती और घी लेकर पहाड़ी के नीचे पहुंचे। उन्होंने यह सामग्री मंदिर प्रशासन को सौंपी। मंदिर में पूजा के बाद जजों ने पुजारियों को तांबे का एक विशेष पात्र दिया। इसे ‘कोप्परई’ कहा जाता है।
पत्थर के स्तंभ के ऊपर इस पात्र को रखने के लिए कर्मचारियों ने अस्थायी मंच और मचान तैयार किया था।
50 मीटर की बाती और 5 किलो कपूर का इंतजाम
दीप जलाने के लिए करीब 30 ग्राम घी, 50 मीटर लंबी सूती कपड़े की बाती और 5 किलो कपूर की व्यवस्था की गई थी। अधिकारियों और पुजारियों से बातचीत के बाद जस्टिस एस. वैद्यनाथन ने शाम 5 बजे दीप जलाने का समय तय किया।
इस दौरान मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण, पुलिस अधिकारी और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे।


