JPSC-JSSC : रांची में छात्रों ने तोड़ी बैरिकेडिंग, विधानसभा की ओर बढ़े - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

JPSC-JSSC : रांची में छात्रों ने तोड़ी बैरिकेडिंग, विधानसभा की ओर बढ़े

रांची। JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्र आंदोलन के 18वें दिन सोमवार, 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी पुलिस की बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ गए। जगरनाथपुर सेक्टर-2 के पास छात्रों ने पुलिस की तीन परत वाली बैरिकेडिंग लांघी और झारखंड विधानसभा की ओर कूच किया। भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो भी एंबुलेंस से विधानसभा के लिए रवाना हुए।

तीन परत वाली बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़े छात्र

जगरनाथपुर सेक्टर-2 के पास पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग की थी। इसमें कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग भी शामिल थी। प्रदर्शनकारियों ने इसे पार कर आगे बढ़ना शुरू कर दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ छात्र बैरिकेडिंग के पीछे से जगन्नाथपुर मंदिर के रास्ते शॉर्टकट गेट से भी आगे बढ़े। पुलिस को चकमा देकर कुछ आंदोलनकारी सात बैरियर तक पार कर आगे बढ़ते दिखे।

शहीद मैदान पहुंचे देवेंद्र नाथ महतो

भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो भी विधानसभा घेराव में शामिल होने के लिए एंबुलेंस से रवाना हुए। उनकी हालत ऐसी है कि वे खुद चल नहीं पा रहे हैं। उनके सहयोगियों ने उन्हें कंधे पर उठाकर एचईसी स्थित शहीद मैदान पहुंचाया।

इसके बाद महतो भी विधानसभा की ओर बढ़ रहे आंदोलन में शामिल हुए।

शहीद मैदान से हाई कोर्ट तक आठ बैरिकेडिंग

पुलिस-प्रशासन की ओर से शहीद मैदान से झारखंड हाई कोर्ट तक कुल आठ बैरिकेडिंग की गई है। प्रदर्शनकारियों को जहां रोका गया है, वहां से हाई कोर्ट तक पांच बैरिकेडिंग बताई गई हैं।

पहली बैरिकेडिंग जगन्नाथपुर मंदिर के सामने प्रवेश द्वार के पास है। दूसरी और तीसरी बैरिकेडिंग मंदिर के समानांतर साईं मंदिर और ऋषभ नगर की ओर जाने वाले रास्ते के पास है। चौथी बैरिकेडिंग जगन्नाथनगर कॉलेज के सामने और पांचवीं झारखंड हाई कोर्ट के पास है।

भाजपा नेताओं को हिरासत में लिया गया

छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं को भी हिरासत में लिया गया। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू सहित कई विधायकों और नेताओं को हिरासत में लिया गया। उन्हें खेलगांव ले जाया जा रहा है।

विधानसभा की कार्यवाही भी शुरू हो चुकी है। इस दौरान विपक्ष अनुपस्थित रहा।

CBI जांच और परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े छात्र

छात्रों का कहना है कि उनकी मुख्य मांगें पूरी तरह नहीं मानी गई हैं। इनमें CBI जांच और कुछ परीक्षाओं को रद्द करने की मांग शामिल है। इसी वजह से प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर आगे बढ़ रहे हैं।

प्रशासन ने विधानसभा परिसर के आसपास BNS की धारा 163 लागू कर रखी है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। स्थिति पर प्रशासन नजर बनाए हुए है

Related Articles

Back to top button