NTPC लारा के गेट पर शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन: हादसे में ड्राइवर की मौत, अफसरों पर घायल को छोड़कर भागने का आरोप; मुआवजे और नौकरी की मांग

रायगढ़। रायगढ़ जिले के NTPC लारा संयंत्र के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब सड़क हादसे में मृत ड्राइवर देवेंद्र साव के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण न्याय की मांग को लेकर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने देवेंद्र का शव NTPC लारा के मुख्य गेट के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती करनी पड़ी।
ग्रामीणों के मुताबिक, त्रिवेदी कॉन्ट्रैक्शन के जरिए संचालित स्कॉर्पियो में NTPC लारा के कुछ अधिकारी सवार होकर रायपुर एयरपोर्ट गए थे। वापसी के दौरान सराईपाली रोड पर वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चालक देवेंद्र साव गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद वाहन में सवार अधिकारी घायल देवेंद्र को कथित तौर पर मौके पर छोड़कर चले गए और इसकी सूचना तत्काल परिजनों या संबंधित लोगों को नहीं दी गई। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।
परिजनों ने सवाल उठाया कि यदि वाहन में सवार अधिकारी सुरक्षित थे तो वे घटनास्थल से क्यों चले गए? घायल ड्राइवर के इलाज की व्यवस्था क्यों नहीं कराई गई? ग्रामीणों ने हादसे की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
आक्रोशित लोगों ने मांग रखी कि NTPC प्रबंधन लिखित रूप से उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार और घटना की उच्चस्तरीय जांच का आश्वासन दे। प्रबंधन की ओर से तत्काल स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं मिलने से प्रदर्शन देर तक चलता रहा।
बाद में प्रशासन ने हस्तक्षेप किया। परिजनों को तत्काल सहायता राशि देने और उचित मुआवजे के साथ निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया। पुलिस हादसे के कारणों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। NTPC प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
देखे वीडियो….



