पुरानी रंजिश में कोर्ट परिसर बना अखाड़ा, दो वकील भिड़े - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

पुरानी रंजिश में कोर्ट परिसर बना अखाड़ा, दो वकील भिड़े

पुरानी रंजिश में कहासुनी के बाद मारपीट; कलेक्ट्रेट अग्निकांड का आरोपी अधिवक्ता भी शामिल

बिलासपुर। बिलासपुर न्यायालय परिसर में बुधवार दोपहर दो अधिवक्ताओं के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हुई थी। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों एक-दूसरे से भिड़ गए। घटना के दौरान कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों के बीच भी हलचल मच गई।

मामले की सूचना न्यायालय परिसर में तैनात आरक्षक ने सिविल लाइन पुलिस को दी। पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों अधिवक्ताओं को थाने लेकर आई। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी गई। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर काउंटर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट के मुताबिक, अधिवक्ता ओम प्रकाश बंजारे और मुकेश बंजारे बुधवार दोपहर कोर्ट परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई। पुलिस के अनुसार विवाद की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है, लेकिन मारपीट की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, इसकी जांच की जा रही है।

अधिवक्ता ओम प्रकाश बंजारे का नाम बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट अग्निकांड मामले में सामने आया था। अग्निकांड के बाद प्रशासन की कार्रवाई में उन्हें जिला बदर किया गया है। इसके बावजूद बुधवार को वे बिलासपुर न्यायालय परिसर में मौजूद थे और इसी दौरान उनका दूसरे अधिवक्ता से विवाद हो गया।

पुलिस के मुताबिक दोनों अधिवक्ता पूर्व में भीम आर्मी से जुड़े रहे हैं। पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच रंजिश होने की बात सामने आई है। पुलिस अब दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। साथ ही कोर्ट परिसर में हुई घटना से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट की स्थिति स्पष्ट होगी।

Related Articles

Back to top button