उधमपुर में दो आतंकी ढेर, मजालता में सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के मजालता इलाके में बुधवार रात सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया। आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस के SOG ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। तलाशी के दौरान आतंकियों ने फायरिंग की, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों आतंकियों की पहचान और उनके संगठन से जुड़े होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, मारे गए दोनों आतंकियों के पाकिस्तानी होने की आशंका है। उनके कश्मीर टाइगर्स (KT) या जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े होने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घने जंगल और पहाड़ी इलाके में ऑपरेशन
मजालता का इलाका घने जंगल और पहाड़ी भूभाग वाला है। सुरक्षा एजेंसियों को पिछले कुछ दिनों से ब्रेटल-खुब्बन बेल्ट और आसपास के जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसके बाद इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई थी।
बुधवार देर रात संदिग्ध लोगों की आवाजाही की सूचना मिली। इसके बाद सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस के SOG ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। इसी दौरान आतंकियों की ओर से फायरिंग की गई। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकियों को मार गिराया।
अंधेरा, घने जंगल और पहाड़ी इलाका होने के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आ रही हैं। इलाके में घेराबंदी बढ़ा दी गई है। ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है।
इस साल जम्मू-कश्मीर में 15 आतंकी घटनाएं
जम्मू-कश्मीर में इस साल अब तक 15 आतंकी घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं में 15 आतंकी मारे गए हैं। वहीं, 2 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए हैं और 3 नागरिकों की भी मौत हुई है।
उधमपुर में इस साल सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच दो बार एनकाउंटर हो चुका है।



