पीएम आवास पर भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने, पोस्टर से भूपेश पर हमला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान जारी है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच इस मुद्दे पर बहस की तारीख को लेकर अभी इंतजार बना हुआ है। इसी बीच भाजपा ने सोशल मीडिया पर नया पोस्टर जारी कर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा है।
पोस्टर में दिखाया कुशासन-सुशासन का फर्क
छत्तीसगढ़ भाजपा की ओर से जारी पोस्टर में कांग्रेस सरकार और मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल की तुलना की गई है। पोस्टर में एक तरफ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को हाथ में आवास रद्द करने का पर्चा लिए दिखाया गया है, जबकि दूसरी तरफ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी सौंपते नजर आ रहे हैं।
भाजपा ने पोस्टर के साथ लिखा है कि कांग्रेस सरकार के समय प्रदेश के जरूरतमंद परिवारों से पक्के घर का हक छीन लिया गया था। पार्टी का दावा है कि मौजूदा सुशासन की सरकार में गरीब परिवारों के पक्के घर का सपना पूरा हो रहा है।
3.65 लाख अतिरिक्त आवास स्वीकृति का दावा
भाजपा ने अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा है कि प्रदेश को 3.65 लाख अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति मिली है। पार्टी के मुताबिक, इससे गांव-गांव में पक्के घरों का निर्माण हो रहा है। साथ ही रोजगार के अवसर बढ़ने और परिवारों का भविष्य मजबूत होने का दावा किया गया है।
पीएम आवास को लेकर भाजपा और कांग्रेस पहले भी एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे हैं। भाजपा जहां पिछली सरकार पर गरीबों को आवास से वंचित करने का आरोप लगाती है, वहीं कांग्रेस सरकार अपने कार्यकाल में आवास योजना को लेकर किए गए फैसलों का बचाव करती रही है। अब बहस की तारीख तय होने के इंतजार के बीच भाजपा के इस पोस्टर ने सियासी पारा फिर बढ़ा दिया है।



