बिहार भाजपा के विधायक बोले- गौ माता के नाम पर कांग्रेस ने लूट का खेल खेला

रायपुर(realtimes) बिहार के दरभंगा विधायक संजय सराओगी ने 8 दिन लगातार ग्रामीण विधानसभा में प्रवास के बाद कहा, छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने गो माता के नाम पर लूट का खेल खेला है। यहां पर योजनाएं महज कागजों में हैं। ग्रामीण विधानसभा में भाजपा द्वारा किसी भी प्रत्याशी को चुने जाने पर जीत के प्रति आश्वस्त जताई।
एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा श्री सराओगी ने कहा, छत्तीसगढ़ प्रभु श्री राम जी का ननिहाल है और बिहार प्रभु के ससुराल है, ऐसे में हमारा छत्तीसगढ़ से गहरा रिश्ता है लेकिन अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है की कमोबेश आज दोनों ही प्रदेश की स्थिति एक जैसी है, अराजकता, अपराध, घोटाले सभी कुछ। हम सभी बिहार के चर्चित चारा घोटाले को जानते हैं और छत्तीसगढ़ में उसी तर्ज पर अब गोठन और गोबर घोटाला जारी है। बिहार के घोटालेबाज को सजा हुई और जनता के साथ न्याय हुआ। छत्तीसगढ़ में भी निश्चित सत्ता परिवर्तन होगा और दोषी जेल की सलाखों के पीछे होंगे। प्रदेश की कांग्रेस सरकार गो माता को सामने रखकर घोटाले करने का महापाप कर रही है। गोठान केवल कागजों में और मवेशी सड़कों पर हैं। गोबर के नाम पर घोटालो का अंबार है, जिसके दुष्परिणाम शीघ्र ही सामने आएंगे। उन्होंने कहा, हमने केवल खानापूर्ति नहीं की, हम धरातल पर पहुंचे। स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों , व्यापारियों, युवाओं से और खास करके महिलाओं से मितानिन समूहों से चर्चा की। उनकी व्यथा सुनी और उनके मन को टटोला। सभी वर्तमान विधायक से त्रस्त और नाखुश हैं। सभी परिवर्तन का मन बना चुके हैं। पिछले चुनाव में साइकिल पर तख्ती लटकाकर शराबबंदी का ढोंग करने वाले घोषणा पत्र में गंगाजल की कसम खा कर शराबबंदी का वादा करके मुकर गए। शराबबंदी के लिए गठित समिति के स्वयं प्रमुख रहे, लेकिन इस दिशा में कोई प्रयास उनके द्वारा नहीं किया गया।



