ईडी की कार्रवाई किसी भी तरह से राजनीतिक नहीं- साव

रायपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव का कहना है, ईडी की कार्रवाई किसी भी तरह से राजनीतिक नहीं है। इसको लेकर कांग्रेस के आरोप सरासर गलत हैं। इसको लेकर आंकड़े भी पेश किए गए। इसी के साथ श्री साव ने आरोप लगाया है कि ईडी द्वारा गिरफ्तार करके जेल भेजे गए अफसरों पर राज्य सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है। ईडी ने प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर जेल में बंद अफसरों पर कारवाई करने को कहा है, लेकिन इसके बाद भी एक ताे कोर्रवाई नहीं की गई, वहीं जेल में बंद एक अफसर वेबसाइट में अब भी अपने पद पर बने गए हैं।
एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री साव ने कहा, हमारे पास वेबसाइट के स्क्रीन शॉट हैं, जिसमें उस अफसर को अपने पद पर बना हुआ बताया गया है, जबकि शासकीय सूत्रों के हवाले से यह समाचार प्रकाशित करा दिया गया था कि जेल में बंद सभी आरोपियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा, आज ईडी को कारवाई के लिए पत्र लिखना पड़ रहा है, लेकिन ऐसी क्या मजबूरी है जो सरकार आरोपियों को निलंबित करने का साहस नहीं कर पा रही है। श्री साव ने कहा, सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि जेल में बंद अधिकारियों को निलंबित किया गया है या नहीं।
विपक्ष पर कार्रवाई का आरोप गलत
श्री साव ने कहा, ईडी द्वारा यूपीए के कार्यकाल में 5 हजार करोड़ जब्त हुए थे, जबकि एनडीए के शासन में एक लाख 10 हजार करोड़ वसूले गए. उसमें से पांच फीसदी भी राजनीतिक लोगों नहीं हैं। अतः यह आरोप लगाना अनुचित है कि ईडी केवल विपक्ष पर कारवाई करती है। मनी लॉन्ड्रिंग के तहत अभी कुल 5,906 मामले दर्ज हैं जिनमें महज 176 यानी मात्र 2.98 प्रतिशत मामले राजनीति से जुड़े लोगों के खिलाफ हैं। 97.02 प्रतिशत मामले ऐसे हैं जिसका नेताओं से संबंध नहीं है।श्री साव ने कहा, प्रदेश की गरीब जनता का पैसा लूटने वालों का संरक्षण कांग्रेस सरकार कर रही है। इससे यह साफ है कि सरकार भी भ्रष्टाचार के इन मामलों में भागीदार है और जनता इस बात को बहुत गंभीरता से देख रही है और कांग्रेस को सबक सिखाने तैयार है। प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप,प्रदेश मीडिया प्रभारी सीए अमित चिमनानी,प्रदेश प्रवक्ता दीपक महस्के मौजूद थे।



