भाजपा के घाेषणा पत्र में रहेगा किसानाें पर ज्यादा फाेकस - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा के घाेषणा पत्र में रहेगा किसानाें पर ज्यादा फाेकस

रायपुर(realtimes) विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की घोषणा पत्र बनाने की कवायद प्रारंभ हाे गई है। प्रदेश का भाजपा संगठन अपने घोषणा पत्र में हर वर्ग को साधने का प्रयास करेगा, लेकिन सबसे अहम घोषणा पत्र का फोकस किसानों पर रहेगा। कांग्रेस ने किसानों से 25 सौ रुपए में धान खरीदी का वादा करके ही प्रदेश में सरकार बनाने का काम किया है। ऐसे में भाजपा ने तय किया है कि घोषणा पत्र बनाने से पहले सबसे अहम किसानों से पूछा जाएगा कि वे क्या चाहते हैं। इसी के साथ आदिवासी, युवा, महिलाएं, व्यापारी, कर्मचारी सहित हर उस वर्ग के सुझाव लिए जाएंगे जिनसे कांग्रेस सरकार ने वादाखिलाफी की है।

भाजपा घोषणा पत्र समिति की पहली बैठक में भाजपा के दिग्गज नेताओं ने यह तय किया है कि हर वर्ग तक पहुंचना है। इसके लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया। जैसे किसानों से बात करने के लिए किसान समिति, युवाओं से बात करने के लिए युवा समिति, महिलाओं से बात करने के लिए महिला समिति, आदिवासी वर्ग से बात करने के लिए आदिवासी समिति, अन्य पिछड़ा वर्ग से बात करने के लिए ओबीसी समिति, एससी वर्ग के लिए अलग समिति, व्यापारियों के लिए अलग समिति, इसी तरह से वकील, इंजीनियर, सीए, सरकारी कर्मचारी, निजी संस्थानों में काम करने वाले सबके लिए अलग-अलग समिति बनाई गई है।
किसानों पर बड़ा फोकस
भाजपा का बड़ा फोकस किसानों पर है। भाजपा को पिछले चुनाव में हार किसानों के कारण मिली है। कांग्रेस ने किसानों का धान 25 सौ रुपए में खरीदने का वादा किया, इसी के साथ कर्ज माफी की भी बात की। इस मुद्दे पर कांग्रेस की सरकार बन गई। अब भाजपा चाहती है कि अपना घोषणा पत्र बनाने से पहले किसानों से ही पूछा जाए कि वो क्या चाहते हैं। इसमें संदेह नहीं है कि किसानों के लिए धान की कीमत अहम रहेगी। अब इस कीमत पर भी बड़ा घमासान भाजपा और कांग्रेस के बीच होगा। किसानों को ज्यादा से ज्यादा धान की कीमत देने का प्रयास दोनों दल करेंगे। किसानों से सुझाव लेकर भाजपा अपने घोषणा पत्र में शामिल करेगी। इसी तरह से अन्य वर्ग के सुझाव भी घोषणा पत्र में शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button