
रायपुर(realtimes) त्योहारी सीजन प्रारंभ होने से पहले पितृ पक्ष में सराफा बाजार में बड़ा असर देखने काे मिल रहा है। पितृ पक्ष प्रारंभ होने के पहले जो सोना 61 हजार के करीब था, वह घटकर अब 58 हजार की तरफ जा रहा है। इस समय कीमत 58600 रुपए जीएसटी के साथ है। दस दिनों में कीमत दो हजार कम हो गई है। इसी के साथ चांदी की कीमत में अचानक कमी आई है, जबकि चांदी की कीमत बढ़ रही है। इस समय चांदी की कीमत 70 हजार रुपए किलो से कम हो गई है। इसके पीछे का कारण अमेरिकी डॉलर इंडेक्स का साल के उच्चतम स्तर पर जाना है। सोने की कीमत कम होने के बाद भी कारोबारियों को उम्मीद है कि दीपावली तक कीमत में बड़ी तेजी आएगी और कीमत 65 हजार तक जाएगी। यही वजह है कि इस समय बाजार में निवेशकों की जमकर खरीदारी हो रही है, जबकि आम ग्राहक पितृपक्ष के कारण बाजार से दूर हैं।
सोने की कीमत में इस साल बहुत ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस साल ऐसी उथल पुथल हुई है कि इस साल लाइफ टाइम में पहली बार साेना छत्तीसगढ़ के इतिहास में मई में 63 हजारी की दहलीज पर पहुंच गया था, संभावना जताई जा रही थी कि अब सोने के भाव कम नहीं होंगे और कीमत 65 हजार तक जाएगी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में वापस कुछ ऐसा हुआ कि जून में कीमत वापस गिरने लगी और सोना 60 हजारी हो गया। लेकिन फिर वापस जुलाई से सोने की कीमत में लगातार इजाफा होने लगा इस माह सोना 61 हजारी होने के बाद 62 हजारी के करीब पहुंचा। लेकिन अगस्त में फिर यह वापस 60 हजारी तक आया और फिर अब यह सितंबर में 61 हजारी होने के बाद 62 हजारी के रास्ते पर चला, लेकिन सितंबर में पितृ पक्ष लगने के साथ ही सोने की कीमत में कमी आने लगी। पहले सोना 60 हजार से कम हुआ और अब तो 59 हजार से भी कम होकर 58 हजार ती तरफ बढ़ रहा है। इस समय कीमत जीएसटी के साथ 58600 रुपए है।
तीन हजार घटी चांदी की कीमत
चांदी कीमत एक सप्ताह में तीन हजार कम हो गई है। 28 सितंबर इसकी कीमत 71 हजार रुपए थी। एक ही दिन में कीमत 16 सौ रुपए बढ़कर 29 सितंबर को 72600 रुपए हो गई। लेकिन इसके बाद कीमत में लगातार कमी हो रही है। इस समय कीमत 69300 रुपए हो गई है।
63 हजार तक गई कीमत
इस साल की बात करें तो मई तक सोने की कीमत करीब 8 माह में 12 हजार नौ सौ रुपए बढ़ी थी। पिछले साल धनतेरस और पुष्य नक्षत्र और दीपावली के समय राजधानी रायपुर में सोने की कीमत 50 हजार दो सौ रुपए थी, जो मई में 62 हजार 900 रुपए हो गई थी। कारोबारियों के मुताबिक पहले कभी इतने कम समय में इतनी ज्यादा कीमत नहीं बढ़ी थी। पिछले साल तो ज्यादातर समय कीमत 50 हजार के आस-पास ही रही है। इस साल कीमत में लगातार इजाफा होने से पहले कीमत 55 हजार के पार हुई। इसके बाद देश में सोना पहली बार इस साल 60 हजारी हुआ और इसके बाद सोना 63 हजारी की राह पर चला लेकिन 63 हजारी बनने से पहले ही सोना वापस 60 हजारी हो गया और अब वापस 62 हजारी बनने की दहलीज पर पहुंचा और अब वापस कीमत 60 हजारी से कम होकर 59 हजार से कम हो गई है। इस समय पिछले साल धनतेरस और दीपावली से कीमत 84 सौ रुपए ज्यादा है।



