बेटी की हुई मौत, मायके वालों ने ससुराल में लगा दी आग, जिंदा जले सास-ससुर - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

बेटी की हुई मौत, मायके वालों ने ससुराल में लगा दी आग, जिंदा जले सास-ससुर

प्रयागराज: मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक विवाहिता के फांसी लगाने के बाद बवाल मच गया। गुस्साए मायके वालों ने लड़की के ससुराल स्थित घर में आग लगा दी जिससे उसके ससुर और सास की झुलसकर मौत हो गई। पुलिस उपायुक्त (नगर) दीपक भूकर ने बताया कि सोमवार देर रात को पुलिस को सूचना मिली कि मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय अंशिका केसरवानी ने अपने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है और मौके पर मायके तथा ससुराल पक्ष के लोग मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची जहां दोनों पक्ष आपस में झगड़ा कर रहे थे।

आग बुझने के बाद मिले 2 शव

मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि अंशिका की हत्या कर शव लटका दिया गया। जिसके लड़की के मायके से कुछ लोग ससुराल पहुंचे और ससुराल वालों के घर में आग लगा दी। मौके पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को उस मकान से बाहर निकाला गया और दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग पर काबू पाने के बाद रात करीब 3 बजे जब मकान की तलाशी ली गई तो वहां दो शव मिले जिसमें एक शव लड़की के ससुर राजेंद्र केसरवानी (65) और दूसरा शव लड़की की सास शोभा देवी (62) का है। इन शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन अस्पताल ले जाया गया।

इस घटना को लेकर मुट्ठीगंज थाने के प्रभारी सुनील बाजपेयी ने बताया कि मकान में आग लगने से झुलसे लोगों में मृतक राजेंद्र केसरवानी के छोटे भाई की पत्नी लवली केसरवानी और राजेंद्र केसरवानी की बेटी शिवानी केसरवानी शामिल हैं जिनका इलाज एसआरएन में चल रहा है। वहीं, अंशिका के पति अंशु केसरवानी को मामूली चोट आई है।

ये भी पढ़ें: Kolkata Building Collapse: गार्डन रीच हादसे में अब तक 9 लोगों की गई जान, प्रमोटर अरेस्ट

फरवरी में हुई थी शादी

बीते फरवरी माह में झलवा की रहने वाली अंशिका केसरवानी की शादी मुट्ठीगंज के अंशु के साथ बड़ी धूमधाम से हुई थी। लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के पक्ष की मांग को भी पूरा किया था। लड़की पक्ष का आरोप है कि सगाई के बाद से ही दहेज की अतिरिक्त मांग और की जाने लगी जिसे पूरा भी किया गया। सोमवार रात लगभग 10:30 बजे के बाद लड़की पक्ष को ससुरालियों के द्वारा सूचना दी गई कि उनकी लड़की ने अपने कमरे का दरवाजा दोपहर 3 बजे से ही अंदर से बंद करके रखा है। मौके पर जब लड़की पक्ष से जुड़े कई लोग पहुंचे और किसी तरह दरवाजा खोल तो अंदर अंशिका केसरवानी का शव पंखे से लटकता मिला। शव देख परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों का आरोप- हत्या कर फंदे पर लटकाया शव

परिजन हत्या का आरोप लगाकर जमकर हंगामा करने लगे। उनका आरोप है कि अंशिका की हत्या कर उसे फांसी के फंदे पर टांग दिया गया है। मौके पर आसपास के रहने वाले लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने बाहरी लोगों को भी मौके पर बुला लिया जिससे बात और आगे बढ़ गई। इसी बीच मायके वालों ने मकान के निचले हिस्से को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मकान के अंदर ऊपरी तल पर कई लोग फंसे रहे। पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गई। आग बुझने के बाद पुलिस को 2 शव मिले जो लड़की के सास-ससुर के थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

Visited 12 times, 12 visit(s) today

Post Views: 46

Related Articles

Back to top button