फडणवीस बोले- मैं नहीं बनूंगा सीएम, शिंदे करेंगे अपना कार्यकाल पूरा
रायपुर .महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है कि महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे ही मुख्यमंत्री रहेंगे। वे अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। उन्होंने इस बात से साफ इंकार किया कि वे सीएम बनेंगे। उनका कहना है मेरे सीएम बनने का सवाल ही नहीं है। ढाई-ढाई साल की बात कांग्रेस में होती है।
महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ मिलकर सरकार बनाने के बाद लगातार यह सवाल उठता रहा है कि शिवसेना के एकनाथ शिंदे का ढाई साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद देवेंद्र फडणवीस काे सीएम बनाया जाएगा, लेकिन अपने रायपुर प्रवास में देवेंद्र फडणवीसने साफ कहा है कि मैं सीएम नहीं बनूंगा और श्री शिंदे अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।
प्रदेश सरकार पर तीखा हमला
देवेंद्र फडणवीस ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए पूरी कांग्रेस को गजनी बीमार से पीड़ित बताते हुए कहा, कांग्रेस ने पिछली बार जो वादे किए थे, वो तो पूरे नहीं किए अब उन वादों को भूलकर वापस वहीं वादे फिर से कर रही है। कांग्रेस की बातों पर अब छत्तीसगढ़ की जनता को भरोसा नहीं है। प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताते हुए एक बार फिर से भाजपा को प्रदेश में सरकार बनाने का मौका देगी। श्री फडणवीस ने कहा, जिस तरह से गजनी फिल्म के नायक को भूलने की बीमारी थी, उसी बीमारी से यहां के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस गस्त है। इनके वादे देखकर तो मुझे यही लगता है। जिस तरह से यहां के मुख्यमंत्री अपने राष्ट्रीय नेताओं से वही पुराने वादे करवा रहे हैं जो पिछली बार करने के बाद पूरे नहीं किए गए हैं, उससे साफ है कि कांग्रेस भी यह मान रही है कि उसके वादे पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा, ये कह रहे हैं कि केजी से पीजी तक शिक्षा फ्री देंगे। इसके पहले 12 तक शिक्षा फ्री देने की बात कही थी। अगर यह वादा पूरा हुआ है तो अब 12 से पीजी तक फ्री शिक्षा का वादा करना चाहिए। पिछली बार चार सिलेंडर में 500-500 रुपए में देने का वादा किया था, लेकिन यह वादा पूरा नहीं किया और फिर से 500 रुपए गैस सिलेंडरों पर सब्सिडी देने की बात कर रहे हैं। फिर से कर्ज माफी की बात कर रहे हैं। कांग्रेस ने अभी जो भी वादे किए हैं, उसमें से आधे तो पिछली बार के ही है, जो पूरे नहीं किए गए हैं।
देश में सबसे ज्यादा घाेटाले करने वाली सरकार छत्तीसगढ़ में
श्री फडणवीस ने कहा, देश में सबसे ज्यादा घोटाले करने वाली यहां की कांग्रेस की सरकार है। बिहार के चारा घोटाले से बड़ा घोटाला यहां पर गोबर का हुआ है। यहां की कांग्रेस सरकार तो गोबर खा गई। इस सरकार ने गोठान घोटाल किया है। कांग्रेस ने शराबबंदी का वादा किया था, यह वादा तो पूरा नहीं किया लेकिन शराब घोटाला जरूर कर दिया है। ऐसा कौन का घोटाला है जो इस कांग्रेस सरकार ने नहीं किया है। युवाओं के सपनों काे तोड़कर पीएससी में भी घोटाला कर दिया। छत्तीसगढ़ में पीएससी परीक्षा पास करने की एक मात्र योग्यता किसी कांग्रेस नेता या अधिकारी का बेटा-बेटी होना ही है।
केंद्र की योजनाओं पर रोक
श्री फडणवीस से कहा, प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने केंद्र सरकार की योजनाओं को रोकने का काम है। इस सरकार ने लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंचने दिया। गरीबों के लिए केंद्र सरकार ने पीएम आवास के लिए पैसे दिए, लेकिन 16 लाख गरीबों को आवास से वंचित कर दिया और अब खुद के पैसों से आवास बनाने की झूठी बात बोल रहे हैं। इनका यह वादा कभी पूरा नहीं होगा। भाजपा की सरकार बनते ही पहली ही कैबिनेट में 16 लाख गरीबों को आवास देने की योजना काे भाजपा मंजूरी देगी।
नए महादेव की भक्ति
श्री फडणवीस ने कहा, छत्तीसगढ़ में एक नए महादेव की भक्ति की जा रही है। ठीक समझ रहे हैं, मैं महादेव एप की ही बात कर रहा हूं। उन्होंने मुख्यमंत्री कहते हैं केंद्र सरकार इस पर रोक क्यों नहीं लगाती, केंद्र सरकार तो अपना काम करेगी, लेकिन लॉ एंड आर्डर का जिम्मा राज्य सरकार का है। उन्होंने कहा, इस मामले में वहां तक पहुंचा जाएगा जिनके इशारे पर काम होता है। कौन से दफ्तर तक इसकी आंच जाएगी सब जानते हैं।



