तीन घंटे नहीं, पूरे साल का प्रदर्शन

-सुभाष मिश्र
अब किसी बच्चे का भविष्य सिर्फ तीन घंटे की परीक्षा तय नहीं करना चाहिए। हमारी शिक्षा व्यवस्था में एक अजीब विरोधाभास लंबे समय से चला आ रहा है। बच्चा पूरे साल पढ़ता है, कक्षाओं में जाता है, असाइनमेंट करता है, प्रोजेक्ट बनाता है, शिक्षक के सवालों का जवाब देता है, अलग-अलग गतिविधियों में हिस्सा लेता है, लेकिन जब उसके मूल्यांकन की बात आती है तो इन सबका महत्व कई बार पीछे छूट जाता है। साल के अंत में तीन घंटे की एक परीक्षा होती है और उन तीन घंटों में लिखे गए उत्तर यह तय कर देते हैं कि बच्चा कितना योग्य है, वह अगली कक्षा में किस स्तर पर जाएगा और कई बार उसका आगे का रास्ता क्या होगा। सवाल यह है कि क्या तीन घंटे किसी बच्चे की पूरे साल की मेहनत का सही पैमाना हो सकते हैं?
कल्पना कीजिए, एक विद्यार्थी ने पूरे वर्ष ईमानदारी से पढ़ाई की। वह लगातार कक्षा में अच्छा करता रहा। उसकी विषय पर पकड़ भी अच्छी है, लेकिन परीक्षा के दिन उसकी तबीयत खराब हो गई, वह मानसिक दबाव में आ गया या किसी दूसरे कारण से वह अपनी क्षमता के अनुरूप उत्तर नहीं लिख पाया। क्या सिर्फ उस दिन का प्रदर्शन उसकी पूरे वर्ष की मेहनत से बड़ा हो जाना चाहिए? यही सवाल हमारी परीक्षा व्यवस्था के सामने है।
त्रैमासिक और छमाही परीक्षाओं की व्यवस्था पहले से रही है। इसका उद्देश्य भी यही था कि बच्चे की पढ़ाई का आकलन पूरे वर्ष होता रहे और साल के अंत में उस पर अचानक परीक्षा का बोझ न आए, लेकिन अब 11वीं कक्षा के मूल्यांकन को सतत मूल्यांकन से जोड़ने की पहल इस सोच को एक कदम आगे ले जाती दिखाई देती है। प्रस्तावित व्यवस्था में वार्षिक परिणाम केवल अंतिम परीक्षा के अंकों से नहीं, बल्कि त्रैमासिक और छमाही परीक्षाओं सहित पूरे सत्र के प्रदर्शन को ध्यान में रखकर तैयार करने की बात है। यह सिर्फ परीक्षा का पैटर्न बदलने का मामला नहीं है। यह शिक्षा को परीक्षा से सीखने की तरफ ले जाने की कोशिश है।
हमने अपनी शिक्षा व्यवस्था को इतना परीक्षा-केंद्रित बना दिया है कि कई बार बच्चे पढ़ने के लिए नहीं, परीक्षा में नंबर लाने के लिए पढ़ते हैं। अभिभावक भी बच्चे की समझ से ज्यादा उसके अंक पूछते हैं। स्कूल का मूल्यांकन परिणाम से होता है और बच्चे का मूल्यांकन प्रतिशत से। ऐसे में पढ़ाई का असली उद्देश्य कहीं पीछे छूट जाता है। सतत मूल्यांकन इस सोच को बदल सकता है। यदि बच्चे को पता होगा कि उसके पूरे वर्ष का प्रदर्शन उसके परिणाम में शामिल होगा तो वह केवल परीक्षा के कुछ महीनों पहले किताब नहीं खोलेगा, बल्कि पूरे सत्र पढ़ाई से जुड़ा रहेगा। शिक्षक भी बच्चे की कमियों और उसकी प्रगति को लगातार देख पाएंगे।
सतत मूल्यांकन की सफलता के लिए कुछ सावधानियां भी जरूरी हैं। यह व्यवस्था पारदर्शी होनी चाहिए। मूल्यांकन के स्पष्ट और समान मानक होने चाहिए। किसी शिक्षक की व्यक्तिगत पसंद-नापसंद बच्चे के परिणाम को प्रभावित न करे, इसकी व्यवस्था होनी चाहिए। यह भी ध्यान रखना होगा कि लगातार मूल्यांकन के नाम पर बच्चों और शिक्षकों पर कागजी काम का नया बोझ न डाल दिया जाए। प्रतियोगी परीक्षाओं में भी एक बड़ी परीक्षा के प्रदर्शन का महत्व बहुत अधिक है। वहां कई बार प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार जैसे चरण होते हैं, लेकिन हर चरण में कुछ घंटों का प्रदर्शन आगे बढ़ने का आधार बनता है। ऐसे में भविष्य में इस बात पर भी विचार होना चाहिए कि क्या प्रतिभा और योग्यता को परखने के और बेहतर तरीके विकसित किए जा सकते हैं।
परीक्षा जरूरी है, लेकिन परीक्षा ही शिक्षा नहीं है। अंक जरूरी हैं, लेकिन अंक ही प्रतिभा का पूरा प्रमाण नहीं हैं। किसी बच्चे की क्षमता उसकी तीन घंटे की उत्तर पुस्तिका में पूरी तरह समा नहीं सकती। वह पूरे साल सीखता है, बदलता है, गलतियां करता है और उनसे सीखता है। इसलिए उसका मूल्यांकन भी उसी निरंतरता के साथ होना चाहिए। बच्चे का भविष्य तीन घंटे की परीक्षा का फैसला नहीं, पूरे साल की मेहनत का परिणाम होना चाहिए। शिक्षा व्यवस्था अगर इस दिशा में एक कदम आगे बढ़ रही है तो यह बदलाव सिर्फ बच्चों का बोझ कम नहीं करेगा, बल्कि हमारी शिक्षा को भी परीक्षा-केंद्रित होने से सीखने-केंद्रित बनाने की दिशा देगा।



