खास खबर: सरिया की डिमांड कम फिर भी कीमत में छह हजार का इजाफा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

खास खबर: सरिया की डिमांड कम फिर भी कीमत में छह हजार का इजाफा

रायपुर(realtimes) सरिया की कीमत महज 15 दिनों में 15 हजार कम हुई थी, अब वापस पखवाड़े भर में कीमत में छह हजार का इजाफा हो गया है। मानसून में बारिश के कारण डिमांड बहुत कम होने के बाद भी कीमत लगातार बढ़ रही है। कीमत बढ़ने का कारण कच्चा माल और कोयले का महंगा होना बताया जा रहा है। केंद्र सरकार के निर्यात शुल्क लगाने के बाद कच्चे माल की कीमत में कमी आई थी, लेकिन वापस अब इसकी कीमत में इजाफा होने लगा है।

स्टील के लगातार बढ़ते दामाें पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकर ने जाे निर्यात कर लगाने का फैसला किया है, उसका पिछले माह बड़ा असर देखने को मिला। जहां एक तरफ डिमांड न होने के कारण पहले ही सरिया की कीमत लगातार कम हो रही थी, वहीं कच्चे माल के निर्यात पर लगे टैक्स के चलते कीमत को और झटका लगा और 15 दिनों में सरिया की कीमत 15 हजार रुपए कम हो गई। लेकिन अब वापस कीमत रोज बढ़ने लगी है।

पैलेट की कीमत बढ़ी

स्पंज आयरन बनाने के काम में आने वाला पैलेट और आयरन ओर अपने राज्य में बनता है। केंद्र सरकार ने इस कच्चे माल को लेकर अब निर्यात कर लगा दिया है। इस पर कोई कर न हाेने के कारण बड़े उद्योग अपना ज्यादातर माल विदेश भेज देते हैं, लेकिन अब कच्चे माल का निर्यात बंद हो गया है। ऐसे में जिस पैलेट की कीमत पहले दस हजार रुपए टन थी, उसे पहले साढ़े सात हजार रुपए कर दिया गया था। लेकिन अब वापस इसकी कीमत साढ़े आठ हजार रुपए कर दी गई है। आयरन ओर की कीमत में भी पहले कमी की गई अब वापस इसकी कीमत में इजाफा कर दिया गया है। एसईसीएल से कोयला न मिलने के कारण विदेशी कोयले से काम चलाना पड़ रहा है।। इसकी कीमत 18 हजार पांच सौ रुपए हो गई है। ऐसा होने से स्पंज आयरन की कीमत 31 हजार से बढ़कर 34 हजार पांच सौ रुपए हो गई है।

बढ़ने लगे सरिया के दाम

निर्यात कर लगने के बाद सरिया की कीमत जमीन पर आने लगी थी। जो सरिया मई के प्रारंभ में 75 हजार रुपए टन था, वह जून के दूसरे ही सप्ताह में 60 हजार पर आ गया था। लेकिन कुछ दिनों बाद इसकी कीमत में फिर से इजाफा होना प्रारंभ हुआ और अब कीमत 66 हजार तक पहुंच गई है। यह सरिया 8 और 32 एमएम का है। इसके अलावा 10 से 25 एमएम का सरिया पांच हजार रुपए कम 61 हजार रुपए टन हो गया है। सरिया की बेसिक कीमत 49500 रुपए हैं। इसमें 18 फीसदी जीएसटी लगती है। 8 और 32 एमएम के सरिया में पांच हजार रुपए ज्यादा लगते हैं।

Related Articles

Back to top button