
जब कुत्ते के मालिक रक्षित (25) ने यह देखा, तो उसने तुरंत हस्तक्षेप किया, जिससे आरोपी धर्मवीर दहिया और पालतू जानवर के मालिक के बीच मामूली हाथापाई हुई। इस हाथापाई के दौरान कुत्ते ने दहिया को भी काट लिया। डीसीपी ने कहा, “कुछ देर बाद धरमवीर दहिया लोहे का पाइप लेकर मौके पर पहुंचे और कुत्ते के सिर पर बेरहमी से वार किया।”
घटना के सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, हेमंत नाम के 53 वर्षीय पड़ोसी ने कुत्ते को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी दहिया ने उसे भी लोहे की रॉड से मारा। वीडियो में कुत्ते को सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद कुछ देर के लिए बेहोश पड़ा देखा जा सकता है। पालतू कुत्ता एक मिनट में फिर से उठ गया, हालांकि कुत्ते को दर्द से कराहते हुए और हिलते-डुलते देखा जा सकता है।
इसके बाद भी आरोपी धर्मवीर नहीं रुका। डीसीपी शर्मा ने कहा, “बाद में धरमवीर पालतू जानवर के मालिक रक्षित के घर में घुसकर मारपीट में इस्तेमाल पाइप वापस ले गया और इस प्रक्रिया में रेणु उर्फ यशोदा नाम की 45 वर्षीय महिला पर भी हमला किया।”
पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 308 (गैर इरादतन हत्या का प्रयास), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने के लिए सजा), 341 (गलत तरीके से रोक लगाने की सजा) और 451 (कारावास से दंडनीय अपराध करने के लिए घर-अतिचार), पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत प्राथमिकी दर्ज की। अधिकारी ने कहा कि सभी घायलों का उपचार चल रहा और घटना की जांच की जा रही है।


