डॉलर@ 80 रुपए, इसी माह हो सकता है 81 - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
business

डॉलर@ 80 रुपए, इसी माह हो सकता है 81

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (ट्रिन्यू)

अमेरिकी मुद्रा डॉलर के मुकाबले बृहस्पतिवार को रुपया 80 रुपए प्रति डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर के करीब पहुंच जाने के बाद रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप के चलते अंतत: 79.90 प्रति डॉलर के निचले स्तर पर बंद हुआ। चालू वित्त वर्ष के दौरान भारत के चालू खाता घाटे के और बढ़ने की आशंका के चलते अगले कुछ सत्रों में भारतीय मुद्रा 80 रुपये प्रति डॉलर से भी नीचे जा सकती है। विदेशी मुद्रा विश्लेषकों के अनुसार शेयर बाजार से विदेशी पूंजी की निकासी, तेल और अन्य वस्तुओं की ऊंची कीमतों तथा दुनियाभर में आर्थिक मंदी की आशंकाओं के बीच इस महीने के अंत तक भारतीय मुद्रा एक डॉलर के मुकाबले 81 रुपए से भी नीचे जा सकती है।

वित्त मंत्रालय की समीक्षा में पहले ही इस बात की चेतावनी दी जा चुकी है कि दुनियाभर से मिल रहे संकेतों के चलते आर्थिक वृद्धि दर के नीचे जाने की आशंका है क्योंकि भारत को मुद्रा स्फीति में बढ़ोतरी के मुख्य कारक कच्चा तेल और अन्य खाद्य पदार्थों का बड़ा हिस्सा आज भी आयात करना पड़ता है।

भारत का चालू खाता घाटा, जो कि 2021-22 में जीडीपी का 1.2 प्रतिशत था, के चालू वित्त वर्ष के दौरान 3 प्रतिशत से भी ऊपर पहुंच जाने की संभावना है। चालू खाता घाटा बढ़ने के कारण ही इस साल जनवरी से अब तक रुपए में डॉलर के मुकाबले 6 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है।

Related Articles

Back to top button