मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

महादेव सट्टा केस: सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद CBI की रायपुर में दबिश, मोहित सोमानी के घर पहुंची टीम

समता कॉलोनी स्थित निवास पर की जांच; प्रमोटर से आईडी लेकर बेचने का संदेह, आरोपी फिलहाल रायगढ़ जेल में बंद

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है।

इसी कड़ी में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने रायपुर के समता कॉलोनी स्थित मोहित सोमानी के निवास पर दबिश दी।

बताया जा रहा है कि मोहित पर सट्टा ऐप के प्रमोटर से आईडी लेकर आगे बेचने की आशंका है। टीम ने उनके घर पहुंचकर मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की।

मोहित सोमानी को इससे पहले रायगढ़ पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे रायगढ़ लाया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल वह रायगढ़ जेल में निरुद्ध है।

अब महादेव सट्टा ऐप मामले में CBI की जांच के दौरान उसका नाम सामने आने के बाद रायपुर स्थित उसके निवास पर टीम पहुंची।

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद जांच तेज

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर प्रमुख प्रमोटर के तौर पर जांच के दायरे में है। उसकी गिरफ्तारी के बाद एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े लोगों, सट्टा आईडी के लेन-देन और ऐप के संचालन से संबंधित कड़ियों की पड़ताल कर रही हैं।

मोहित सोमानी के कथित कनेक्शन को लेकर भी जांच की जा रही है। हालांकि, उसके घर पर की गई कार्रवाई में क्या-क्या जानकारी मिली है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसियां मामले से जुड़े अन्य लोगों और लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही हैं।

Related Articles

Back to top button