मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

अनवर ढेबर, कुबेर राठी समेत 6 पर FIR; जमीन के पुराने सौदे को लेकर विवाद, होटल में बैठक के दौरान मारपीट का आरोप

रायपुर। रायपुर में 62 साल के जमीन कारोबारी से 4 करोड़ रुपए मांगने, मारपीट करने और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देने का मामला सामने आया है।

कारोबारी बलिराम धरमानी की शिकायत पर पुलिस ने अनवर ढेबर, कुबेर राठी समेत 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि जमीन के पुराने सौदे को लेकर उन पर रकम देने का दबाव बनाया जा रहा था। इनकार करने पर होटल में उनके साथ मारपीट की गई।

मामले में संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र कुमार और विवेक जोशी उर्फ मोंटी जोशी के नाम भी शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2018 में 2.60 लाख वर्गफीट जमीन का सौदा

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, कालीबाड़ी निवासी बलिराम धरमानी ने 2018 में बोरड परिवार की लाभांडी स्थित करीब 2.60 लाख वर्गफीट जमीन का सौदा किया था।

इसमें से 40 हजार वर्गफीट जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम हो गई थी, जबकि बाकी जमीन के लिए एग्रीमेंट हुआ था। परिवार के सदस्यों के बीच विवाद के कारण शेष जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो सकी।

आरोप है कि 2022 में संदीप अग्रवाल कटोरा तालाब स्थित बलिराम के कार्यालय पहुंचे और विवादित जमीन की रजिस्ट्री कराने के बदले 4 करोड़ रुपए मांगे। बलिराम के मुताबिक, बाद में उन्होंने अपने नाम की 40 हजार वर्गफीट जमीन बोरड परिवार को वापस कर दी। इसके बदले उन्हें 3.15 करोड़ रुपए मिले। उनका दावा है कि इसके बाद कोई आर्थिक लेनदेन बाकी नहीं था।

होटल वेलिंगटन में मारपीट का आरोप

शिकायत के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को रहमानिया चौक स्थित बबू प्लाजा में बैठक हुई। यहां फिर 4 करोड़ रुपए देने की मांग की गई। इसके अगले दिन 27 सितंबर को फाफाडीह के होटल वेलिंगटन में बैठक हुई।

आरोप है कि बलिराम ने रकम देने से इनकार किया तो अनवर ढेबर और कुबेर राठी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। अन्य आरोपियों पर भी धमकी देने का आरोप है। बलिराम ने शिकायत में कहा है कि उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।

Related Articles

Back to top button