मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

एकता नगर की परेड में छत्तीसगढ़ के जवानों ने दिखाया दम, विजय शर्मा ने किया सम्मानित

बस्तर की महिला कमांडो के मार्च पास्ट की सराहना; बोले- कभी नक्सल हिंसा के लिए पहचाने जाने वाले इलाके की बेटियां आज देश के सामने दिखा रहीं ताकत

रायपुर। गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले पुलिस अधिकारियों से उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने मुलाकात की। बुधवार को हुई इस मुलाकात में उन्होंने जवानों के साहस, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन की सराहना की। अधिकारियों ने भी परेड के अनुभव साझा किए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने सभी के साथ भोजन भी किया।

विजय शर्मा ने कहा कि उन्होंने परेड का सीधा प्रसारण देखा था। जब छत्तीसगढ़ के जवान पूरे आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर मार्च कर रहे थे, तो वह दृश्य गर्व से भर देने वाला था। जवानों ने राष्ट्रीय मंच पर बस्तर के शौर्य, संघर्ष और बदलते स्वरूप की कहानी पेश की।

महिला कमांडो के प्रदर्शन ने खींचा ध्यान

उप मुख्यमंत्री ने बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो के मार्च पास्ट की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस आत्मविश्वास और दृढ़ता के साथ बस्तर की बेटियों ने परेड में हिस्सा लिया, वह पूरे क्षेत्र की नारी शक्ति और आत्मसम्मान का प्रतीक है। कभी नक्सल हिंसा और भय के लिए पहचाने जाने वाले क्षेत्रों की बेटियां आज देश के सामने अपना सामर्थ्य दिखा रही हैं।

डीआरजी और एसटीएफ की टुकड़ियों ने भी किया प्रतिनिधित्व

परेड में डीएसपी बृज किशोर यादव ने द्वितीय कमान अधिकारी की जिम्मेदारी निभाई। डीएसपी जितेंद्र कुंभकार आरक्षित टू-आईसी रहे। डीएसपी कुलदीप बंजारे ने डीआरजी पुरुष टुकड़ी और डीएसपी अमृता पैकरा ने डीआरजी एवं बस्तर फाइटर्स की महिला टुकड़ी का नेतृत्व किया। शरद जायसवाल महिला और पुरुष टुकड़ियों के आरक्षित कमांडर तथा डीएसपी प्रवीण भारती एसटीएफ के आरक्षित अधिकारी रहे।

अधिकारियों ने बताया कि परेड के लिए लंबे समय तक कठिन अभ्यास किया गया था। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जवानों का प्रदर्शन प्रदेश के पुलिसकर्मियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

Related Articles

Back to top button