EU संघ New Zealand ने मुक्त व्यापार समझौते पर किए हस्ताक्षर, द्विपक्षीय व्यापार में 30% तक वृद्धि की उम्मीद

वेलिंग्टन: यूरोपीय संघ ने न्यूजीलैंड के साथ सोमवार को मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किये। दोनों पक्ष इस समझौते से एक दशक के भीतर द्विपक्षीय व्यापार में 30 प्रतिशत तक वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं। यूरोपीय आयोग ने बयान में कहा कि पांच साल में हुए इस समझौते से शुल्क में प्रति वर्ष 15.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर की कटौती होगी। सरकारी बयान के अनुसार न्यूजीलैंड को इस समझौते से यूरोपीय संघ में शामिल 27 देशों को किये जाने वाले सालाना निर्यात से 1.8 अरब न्यूजीलैंड डॉलर (1.1 अरब अमेरिकी डॉलर) का लाभ होगा।
समझौते को अभी न्यूजीलैंड और यूरोपीय संघ की संसद से मंजूरी मिलनी बाकी है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लिएन ने कहा,हिन्द-प्रशांत क्षेत्र में न्यूजीलैंड हमारे लिये एक प्रमुख भागीदार है और यह मुक्त व्यापार समझौता हमें और भी करीब लाएगा। समझौते की शुरुआत से यूरोपीय संघ को निर्यात किये जाने वाले न्यूजीलैंड के 91 प्रतिशत सामान पर से शुल्क हटा दिया जाएगा। यह संख्या सात साल बाद बढक़र 97 प्रतिशत हो जाएगी।



