सीएम साय ने बस हादसे के मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख देने का किया ऐलान: घायलों को ₹50-50 हजार की मदद, 6 लोगों की हुई मौत - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

सीएम साय ने बस हादसे के मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख देने का किया ऐलान: घायलों को ₹50-50 हजार की मदद, 6 लोगों की हुई मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुए भीषण बस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

घायलों के इलाज में लापरवाही न हो

मुख्यमंत्री ने हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तत्परता से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनके उपचार में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। साथ ही, घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।

मनेंद्रगढ़ और चिरमिरी में चल रहा इलाज

हादसे में घायल यात्रियों का उपचार सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ और जिला अस्पताल चिरमिरी में जारी है। इनमें से 2 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। प्रशासन को सभी घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा

मुख्यमंत्री साय ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार की ओर से उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही, सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Related Articles

Back to top button