मिशन 2028 की तैयारी में जुटी BJP, 25 अक्टूबर को रायपुर आएंगी स्मृति ईरानी; भव्य स्वागत की तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2028 को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश की नवनियुक्त प्रभारी स्मृति ईरानी के 25 अक्टूबर को रायपुर आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर जोरदार तैयारी की जा रही है। इसके अलावा कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के बाहर मानव श्रृंखला बनाकर उनका अभिनंदन किया जाएगा।
स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को शहर जिला भाजपा की बैठक हुई। एकात्म परिसर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी और पुरंदर मिश्रा सहित पार्टी के अन्य नेता भी बैठक में शामिल हुए।
कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर जोर
बैठक में स्मृति ईरानी के स्वागत कार्यक्रम को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। नेताओं ने एयरपोर्ट से लेकर पार्टी कार्यालय तक स्वागत की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के बाहर मानव श्रृंखला बनाकर अभिनंदन करने की योजना भी बनाई गई है।
2028 के चुनाव पर नजर
स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी बनाए जाने के बाद उनके दौरे को संगठन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दे रही है।
उनके रायपुर दौरे के दौरान संगठन की प्राथमिकताओं, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, दौरे के दौरान होने वाली बैठकों और कार्यक्रमों का विस्तृत एजेंडा अभी सामने नहीं आया है।



