मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

कारोबारी के काफिले को पुलिस एस्कॉर्ट, गाड़ियों में स्टंट करते दिखे लोग; कमिश्नरेट पर उठे सवाल

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक सर्राफा कारोबारी के लग्जरी कारों के काफिले को पुलिस एस्कॉर्ट मिलने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कारोबारी कार्तिक गिरि के काफिले के आगे पुलिस की सफेद स्कॉर्पियो चलती दिखाई दे रही है।

वहीं, काफिले में शामिल कुछ लोग चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली और सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल पर सवाल उठ रहे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक निजी कारोबारी के काफिले को पुलिस पायलटिंग किस आधार पर दी गई? क्या कारोबारी को कोई सुरक्षा खतरा था या किसी सक्षम अधिकारी के आदेश पर पुलिस वाहन तैनात किया गया था? पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है।

पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर स्टंट

वायरल वीडियो में काफिले की गाड़ियों में बैठे कुछ लोग चलती कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। सार्वजनिक सड़क पर इस तरह की हरकतें दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बन सकती हैं। सवाल यह भी है कि पुलिस की गाड़ी आगे चलने के बावजूद इन गतिविधियों को रोकने की कोशिश क्यों नहीं की गई?

पुलिस वाहन किसके आदेश पर भेजा गया?

निजी व्यक्ति को सुरक्षा देने के लिए खतरे का आकलन और सक्षम अधिकारी की अनुमति जरूरी होती है। ऐसे में पुलिस को बताना चाहिए कि कारोबारी को किस आधार पर सुरक्षा दी गई और पुलिस वाहन की तैनाती का आदेश किसने जारी किया। पुलिस लाइन के आरआई की ओर से घटनाक्रम की जानकारी नहीं होने की बात भी सामने आई है।

आम लोगों पर चालान, रसूखदारों पर कार्रवाई कब?

रायपुर में यातायात नियम तोड़ने पर आम वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाती है। ऐसे में वायरल वीडियो में स्टंट करते दिख रहे लोगों पर कार्रवाई होगी या नहीं, यह बड़ा सवाल है। पुलिस कमिश्नरेट से यह भी पूछा जा रहा है कि सरकारी वाहन का इस्तेमाल अधिकृत आदेश से हुआ या नहीं। अब मामले में जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग उठ रही है।

Related Articles

Back to top button