मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Sports

फुटबॉल मैच में हारी पाकिस्तान लेकिन भारतीय खिलाड़ियों को सम्मान देकर जीता दिल

भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव का असर अक्सर क्रिकेट के मैदान पर भी दिखाई देता रहा है। दोनों देशों के खिलाड़ी कई मौकों पर मैच से पहले और बाद में हाथ मिलाने से बचते नजर आए हैं। लेकिन फुटबॉल के मैदान पर एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने खेल भावना की एक अलग तस्वीर पेश की। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सैफ चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में भारत से हारने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भारतीय टीम को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। इस खूबसूरत पल का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है।

हार के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भारत को दिया सम्मान
ढाका के नेशनल स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मैच समाप्त होने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी और कोच मैदान पर एक कतार में खड़े हो गए। 

उन्होंने वहां से गुजर रही भारतीय टीम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया और चैंपियन बनने की बधाई दी। इतना ही नहीं, पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान भी दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच अच्छा तालमेल देखने को मिला। खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और हाई-फाइव करके खेल भावना का परिचय दिया। भारत-पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव के माहौल में यह तस्वीर काफी खास रही।

क्रिकेट से अलग फुटबॉल में दिखा दोस्ताना अंदाज
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ समय से क्रिकेट मुकाबलों में हाथ मिलाने को लेकर विवाद देखने को मिला है। साल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के चलते दोनों देशों के रिश्तों में तनाव और बढ़ गया था।

हालांकि, फुटबॉल में दोनों टीमों का रवैया इससे अलग नजर आया। 5 नवंबर को टूर्नामेंट के ग्रुप मुकाबले से पहले भारतीय कोच नौशाद मूसा और डिफेंडर नाथन रोड्रिग्स ने हाथ मिलाने की परंपरा जारी रखने की बात कही थी। इसके बाद भारतीय कप्तान बिजॉय वर्गीस ने पाकिस्तानी कप्तान यूसुफ इजाज बट से हाथ मिलाया था। उस मुकाबले में भी भारत ने पाकिस्तान को 3-2 से हराया था।

रोमांचक फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराया
फाइनल मुकाबले की शुरुआत पाकिस्तान के पक्ष में रही। टीम के खिलाड़ी अलमगीर गाजी ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में गोल करके पाकिस्तान को 1-0 की बढ़त दिला दी।

दूसरे हाफ में मुकाबले का रुख बदल गया। 59वें मिनट में खतरनाक टैकल के बाद वीएआर की समीक्षा की गई और पाकिस्तानी खिलाड़ी जुनैद शाह को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया। इसके बाद पाकिस्तान को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।

इसका फायदा भारतीय टीम ने उठाया। सुहैल अहमद भट ने 60वें मिनट में गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। मुकाबला आखिरी समय तक रोमांचक बना रहा, लेकिन 88वें मिनट में संदीप मंडी ने शानदार गोल दागकर भारत को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी।

भारत ने 10वीं बार जीता सैफ चैंपियनशिप का खिताब
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सैफ चैंपियनशिप में अपना दबदबा कायम रखते हुए रिकॉर्ड 10वीं बार ट्रॉफी पर कब्जा किया। भारत ने लगातार तीसरी बार यह खिताब जीतने का कारनामा भी किया।

वहीं, पाकिस्तान की टीम पहली बार सैफ चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा। खास बात यह रही कि भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में अंडर-23 कोच नौशाद मूसा के मार्गदर्शन में युवा खिलाड़ियों के साथ हिस्सा लिया था। 

युवा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। मैदान पर भारत की जीत और मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों का सम्मान दिखाना इस मुकाबले को लंबे समय तक यादगार बनाए रखेगा।

Related Articles

Back to top button