गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने गर्लफ्रेंड कौर को पहनाई रिंग, फिल्मी तरीके से किया प्रपोज

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जिंदगी में खुशियों ने दस्तक दी है। क्रिकेट के मैदान पर अपनी गेंदबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले अर्शदीप अब अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड समरीन कौर के साथ सगाई कर ली है। समरीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा कर इस खुशखबरी की जानकारी दी।
सगाई की सामने आई तस्वीरों में अर्शदीप सिंह बेहद रोमांटिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड में समरीन को प्रपोज किया। इस दौरान अर्शदीप घुटनों पर बैठकर अंगूठी के साथ उन्हें शादी के लिए प्रपोज करते दिखाई दिए। समरीन ने भी अपनी सगाई की अंगूठी की तस्वीर साझा की। दोनों की तस्वीरों में खुशी साफ झलक रही है।
ट्रेड डील के साथ मिली दोहरी खुशी
अर्शदीप सिंह के लिए यह मौका दोहरी खुशी लेकर आया है। एक ओर आईपीएल ट्रेड के तहत उनके मुंबई इंडियंस से जुड़ने की खबर सामने आई, तो दूसरी ओर उन्होंने समरीन कौर के साथ अपने रिश्ते को नया नाम दे दिया। क्रिकेट और निजी जिंदगी, दोनों मोर्चों पर अर्शदीप के लिए यह खास समय है।
कौन हैं अर्शदीप की मंगेतर समरीन कौर?
अर्शदीप सिंह की मंगेतर समरीन कौर पंजाबी अभिनेत्री और मॉडल हैं। वह साल 2018 में मिस इंडिया प्रतियोगिता की फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं। मूल रूप से जम्मू-कश्मीर की रहने वाली समरीन ने पुणे के सिम्बायोसिस कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स से पढ़ाई की है। समरीन ने कई पंजाबी और हिंदी फिल्मों के साथ-साथ म्यूजिक वीडियो में भी काम किया है। मॉडलिंग और अभिनय की दुनिया में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।
काफी समय से एक-दूसरे को कर रहे थे डेट
अर्शदीप और समरीन पिछले कुछ समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया था। कुछ महीने पहले समरीन के जन्मदिन पर अर्शदीप ने सोशल मीडिया पर रोमांटिक अंदाज में उन्हें बधाई दी थी। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब सगाई की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस और क्रिकेट जगत से जुड़े लोग इस जोड़ी को बधाइयां दे रहे हैं।



