अकबर बोले: सरकारें बदलती हैं, पर किसानों के हित में लिए गए कांग्रेस सरकार के फैसले आज भी अमर

रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा है कि सरकारें बदलती हैं, राजनीतिक दौर बदलते हैं, लेकिन किसानों के हित में लिए गए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के फैसले आज भी अमर हैं।
उद्घाटन बदले, पर नीतियों का असर कायम
पूर्व मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की राजनीति और विकास के सफर पर नज़र डालें तो एक बात साफ दिखती है। कई विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास वक्त के साथ बदलती सरकारों के हिस्से आए, लेकिन जनहित को ध्यान में रखकर बनी नीतियों का लाभ आज भी प्रदेश का हर किसान महसूस कर रहा है।
बघेल सरकार में किसान रहे पहली प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने किसानों की आर्थिक मजबूती को सबसे ऊपर रखा और ऐसे ऐतिहासिक फैसले लिए, जिन्होंने छत्तीसगढ़ की कृषि व्यवस्था को नई दिशा दी।
मोहम्मद अकबर ने गिनाए किसान हित के फैसले
अकबर के मुताबिक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की मजबूत व्यवस्था, किसानों को उपज का बेहतर दाम और राजीव गांधी किसान न्याय योजना के जरिए दी गई अतिरिक्त आर्थिक मदद सिर्फ सरकारी योजनाएं नहीं थीं। उन्होंने इन्हें किसानों के सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाए गए दूरगामी कदम बताया।
क्या थी राजीव गांधी किसान न्याय योजना
गौरतलब है कि कांग्रेस ने 2018 के चुनाव में 2500 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी का वादा किया था। सरकार बनने के बाद इस योजना के तहत समर्थन मूल्य और तय कीमत के बीच का अंतर इनपुट सब्सिडी के रूप में दिया गया। प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान पर 9 हज़ार रुपए की सहायता किस्तों में सीधे खाते में भेजी जाती थी। अगस्त 2023 तक 24.30 लाख किसानों को 21,912 करोड़ रुपए का भुगतान हो चुका था।
वर्तमान में प्रदेश सरकार कृषक उन्नति योजना के तहत 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीद रही है।
“नीतियां ही बनाती हैं स्थायी पहचान”
पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि आज सत्ता और राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं, लेकिन इन जनहितकारी फैसलों की प्रासंगिकता और किसानों के जीवन में उनका योगदान बरकरार है। उन्होंने कहा कि उनका दृढ़ विश्वास है कि सरकारें आती जाती रहती हैं, लेकिन जनकल्याण के लिए बनाई गई नीतियां ही इतिहास में अपनी स्थायी पहचान बनाती हैं।



