मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
business

शेयर बाजार पर दबाव, लाल निशान में सेंसेक्स और निफ्टी

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत और अमेरिकी टेक कंपनियों में आई रिकवरी के बीच आज भारतीय बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी।

बाजार खुलने के थोड़ी देर बाद ही ऊपरी स्तर पर मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक अपनी शुरुआती बढ़त गंवा कर लाल निशान में गिर गए।

खासकर, आईटी और एफएमसीजी सेक्टर के हैवीवेट शेयरों में शुरू हुई बिकवाली के दबाव के कारण दोनों सूचकांकों की चाल सुस्त पड़ गई।

बाजार की गिरावट को संभालने के लिए लिवालों ने सरकारी बैंकों और फार्मा सेक्टर की चुनिंदा कंपनियों ने निचले स्तरों पर लिवाली शुरू कर दी, जिससे बाजार को थोड़ा सहारा भी मिला।

बाजार में लगातार जारी इसी खरीद-बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.26 प्रतिशत और निफ्टी 0.22 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स आज 327.89 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की मजबूत बढ़त दर्ज करते हुए 81,327.29 अंक के स्तर पर खुला।

कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में मुनाफावसूली का दौर शुरू हो गया, जिसके दबाव में यह सूचकांक पहले 20 मिनट के भीतर ही अपने ओपनिंग लेवल से 673.24 अंक का बड़ा गोता लगाकर 80,654.05 अंक के निचले स्तर तक गिर गया।

इसके बाद बैंकिंग सेक्टर के कुछ दिग्गज शेयरों में खरीदार एक्टिव होकर लिवाली करने लगे, जिससे इस सूचकांक ने निचले स्तर से 685.36 अंक की शानदार रिकवरी दिखाई और यह इंट्रा-डे में 81,339.41 अंक के ऊपरी स्तर तक भी पहुंचने में सफल रहा।

बाजार में लगातार जारी उतार-चढ़ाव के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 210.66 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की सुस्ती के साथ 80,788.74 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

सेंसेक्स की ही तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी ने भी आज 90 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की छलांग लगा कर 25,076.40 अंक के स्तर से अपने नियमित कारोबार की शुरुआत की।

बाजार खुलते ही बिकवाली और पैनिक सेलिंग का दबाव बन जाने के कारण यह सूचकांक भी थोड़ी देर में ही लाल निशान में फिसल गया और 24,874.85 अंक के निचले स्तर तक आ गया था।

हालांकि, कुछ देर बाद ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और अपोलो हॉस्पिटल्स जैसी दिग्गज कंपनियों में शुरू हुई जोरदार लिवाली के चलते निफ्टी ने अपनी गिरावट से उबरते हुए दिन के निचले स्तर से 209.20 अंक की रिकवरी की और यह 25,084.05 अंक के ऊपरी स्तर तक जा पहुंचा।

बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 54.95 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,931.45 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

आज सुबह के शुरुआती कारोबारी सत्र में स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टॉप गेनर्स की सूची में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 2.41 प्रतिशत की तूफानी बढ़त के साथ 1,040.50 रुपये के भाव पर सबसे आगे बना हुआ था।

इसके अलावा डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज 1.07 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,384.60 रुपये, एचडीएफसी बैंक 0.98 प्रतिशत के उछाल के साथ 791.80 रुपये, अपोलो हॉस्पिटल्स 0.69 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,488 रुपये और इंटरग्लोब एविएशन 0.50 प्रतिशत की बढ़त दर्ज कर 5,444.30 रुपये के स्तर पर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।

दूसरी ओर, बाजार में बिकवाली के भारी दबाव में कमजोर प्रदर्शन कर रही कंपनियों में से एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर 2.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,412.40 रुपये के स्तर पर टॉप लूजर्स की लिस्ट में सबसे आगे थे।

इसके साथ ही भारती एयरटेल 1.79 प्रतिशत की कमजोरी दिखाते हुए 2,048.20 रुपये, इन्फोसिस 1.73 प्रतिशत टूट कर 1,151.30 रुपये, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 1.56 प्रतिशत की मंदी के साथ 938.10 रुपये और टाटा स्टील 1.40 प्रतिशत की सुस्ती के साथ 187.54 रुपये के भाव पर गहरे लाल निशान में बने हुए थे।

 

Related Articles

Back to top button